कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, बोले- युवाओं को अपनाने चाहिए श्रीराम के आदर्श

श्री प्राचीन रामलीला सोसाइटी और श्री रामलीला उत्सव कमेटी के कार्यक्रमों में की शिरकत; राजेश जैन भी रहे मौजूद, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजे पंडाल

 4
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, बोले- युवाओं को अपनाने चाहिए श्रीराम के आदर्श

कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, बोले- युवाओं को अपनाने चाहिए श्रीराम के आदर्श

- श्री प्राचीन रामलीला सोसाइटी और श्री रामलीला उत्सव कमेटी के कार्यक्रमों में की शिरकत; राजेश जैन भी रहे मौजूद, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजे पंडाल

टीएचटी न्यूज, रोहतक :

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने रोहतक में आयोजित रामलीला महोत्सवों में शिरकत कर भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने श्री प्राचीन रामलीला सोसाइटी (लोकल) और पुरानी आईटीआई मैदान में श्री रामलीला उत्सव कमेटी की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में रामलीला मंचन का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान भगवान श्रीराम के जयकारों से पंडाल गूंज उठे। एलपीएस बोसार्ड के प्रबंध निदेशक एवं समाजसेवी राजेश जैन भी विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों आयोजनों में समितियों के पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया।

भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग और कर्तव्य की मिसाल

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन भारतीय संस्कृति, मर्यादा, त्याग, समर्पण और आदर्शों की अनुपम मिसाल है। रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि देश की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने जीवन से सिखाया कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, व्यक्ति को सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग से विचलित नहीं होना चाहिए। आज समाज को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने की जरूरत है।

संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर जोर

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भारत की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपराओं से है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ते हुए विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि रामलीला जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भगवान श्रीराम ने समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने का संदेश दिया। उनका जीवन सिखाता है कि सत्ता से बड़ा कर्तव्य और व्यक्तिगत स्वार्थ से बड़ा समाज का हित होता है। डॉ. शर्मा ने युवाओं से आधुनिक शिक्षा और तकनीक के साथ अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संस्कारवान युवा ही मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं।

रामलीला की परंपरा को जीवंत रखना समाजसेवा: डॉ. शर्मा

कैबिनेट मंत्री ने रामलीला कलाकारों, आयोजन समितियों और समाजसेवियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्षों से चली आ रही रामलीला की परंपरा को जीवंत बनाए रखना समाज की महत्वपूर्ण सेवा है। कलाकार अपने अभिनय के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों को जन-जन तक पहुंचाते हैं, जिससे बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति तथा नैतिक मूल्यों की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम में एलपीएस बोसार्ड के प्रबंध निदेशक राजेश जैन, आयोजन समितियों के पदाधिकारी और शहर के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। डॉ. अरविंद शर्मा ने सभी को विजयदशमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

---------------