रोहतक की अरायना सांगवान ने रचा इतिहास, जूनियर मिस इंडिया सीजन-4 में दो बड़े खिताब किए अपने नाम

- पिंक सिटी जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय मंच पर बेस्ट ड्रेस और पर्सनैलिटी अवॉर्ड जीतकर बढ़ाया हरियाणा का गौरव

 1.1k
रोहतक की अरायना सांगवान ने रचा इतिहास, जूनियर मिस इंडिया सीजन-4 में दो बड़े खिताब किए अपने नाम

रोहतक की अरायना सांगवान ने रचा इतिहास, जूनियर मिस इंडिया सीजन-4 में दो बड़े खिताब किए अपने नाम

- पिंक सिटी जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय मंच पर बेस्ट ड्रेस और पर्सनैलिटी अवॉर्ड जीतकर बढ़ाया हरियाणा का गौरव

टीएचटी न्यूज़, रोहतक।

राजस्थान की राजधानी जयपुर—जो विश्वभर में पिंक सिटी के नाम से प्रसिद्ध है—में आयोजित दुनिया की सबसे बड़ी जूनियर मिस इंडिया सीजन-4 प्रतियोगिता में हरियाणा के रोहतक की नौ वर्षीय अरायना सांगवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेस्ट ड्रेस अवॉर्ड और पर्सनैलिटी अवॉर्ड अपने नाम कर लिए है। ओवरआल कैटेगरी में सातवां स्थान हासिल किया।

यह भव्य आयोजन 6 से 8 जनवरी 2026 तक जयपुर के होटल क्लार्क्स आमेर में हुआ, जिसमें देश के 25 राज्यों से चुनी गई 175 टॉप नेशनल फाइनलिस्ट्स ने भाग लिया। इन सभी प्रतिभागियों का चयन पूरे भारत में आयोजित 5000 से अधिक ऑनलाइन व ऑफलाइन ऑडिशन के माध्यम से किया गया था।

प्रतियोगिता से पहले पिछले दो महीनों तक सभी प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी गई, जिसमें आत्मविश्वास निर्माण, रैंप वॉक, स्टेज प्रेजेंस, कम्युनिकेशन स्किल्स, फोटो पोज़िंग, ग्रूमिंग, साइबर सेफ्टी अवेयरनेस, सेल्फ-केयर और बेसिक मेकअप जैसे महत्वपूर्ण सत्र शामिल रहे। जयपुर में प्रतिभागियों को मुंबई से आए इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स द्वारा ऑफलाइन स्टेज ट्रेनिंग भी दी गई। प्रमुख प्रशिक्षकों में मिस यूनिवर्स इंडिया नयोनीता लोढ़ (ऑफिशियल ट्रेनर) और प्रसिद्ध फैशन कोरियोग्राफर व शो डायरेक्टर यतिन गांधी शामिल रहे।

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने जयपुर को इस प्रतिष्ठित आयोजन के लिए चुने जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि यह आयोजन शहर की सांस्कृतिक व फैशन पहचान को वैश्विक मंच पर और सशक्त बनाता है।

जूनियर मिस इंडिया के फाउंडर सरबजीत सिंह ने बताया कि सीजन-4 अब तक का सबसे बड़ा सीजन रहा है, जिसमें राष्ट्रीय स्तर के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि इस मंच का उद्देश्य केवल सौंदर्य नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास, संस्कृति, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदार व्यक्तित्व का निर्माण करना है।

तीन दिनों तक चले इस आयोजन में कई रोमांचक राउंड्स, प्रशिक्षण सत्र और ग्रैंड फिनाले के माध्यम से फैशन, संस्कृति, मनोरंजन और आत्मविकास का अनूठा संगम देखने को मिला।

रोहतक के सनसिटी क्षेत्र में रहने वाली अरायना सांगवान को बचपन से ही मॉडलिंग और फैशन में रुचि रही है। उनके पिता अनिल सांगवान स्वास्थ्य विभाग में निरीक्षक हैं, जबकि मां गीता प्राध्यापिका हैं। अरायना इससे पहले गोवा, दिल्ली सहित कई राज्यों में आयोजित प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर चुकी हैं और एक पंजाबी हॉरर वेब सीरीज़ में अभिनय भी कर चुकी हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे रोहतक और हरियाणा में खुशी का माहौल है।

-----------