रोहतक में 152D एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रक में पीछे से घुसी टाटा गाड़ी, तीन लोगों की मौत

- कलानौर के पास सुबह 5 बजे हुआ हादसा; मृतकों में एक की पहचान नारनौल निवासी मनोज कुमार जैन के रूप में, दो अन्य की शिनाख्त बाकी

 1

टीएचटी न्यूज, रोहतक :

हरियाणा के रोहतक जिले में 152D एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा कलानौर थाना क्षेत्र के गांव खैरड़ी के पास उस समय हुआ, जब नारनौल जा रही एक टाटा गाड़ी आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर कलानौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों में एक की पहचान मनोज कुमार जैन पुत्र सुभाष चंद्र जैन, निवासी रामकरण दास कॉलोनी, नारनौल के रूप में हुई है। जबकि उनके साथ यात्रा कर रहे दो अन्य व्यक्तियों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। उनकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना की सूचना मृतक के परिजनों और नारनौल पुलिस को दे दी गई है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, टाटा गाड़ी अंबाला की ओर से नारनौल जा रही थी। सुबह करीब पांच बजे गांव खैरड़ी के पास गाड़ी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

कलानौर थाना पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

----------