हुड्डा को व्यक्तिगत तौर पर निमंत्रण दूंगा, वे जरूर आएंगे : बीरेंद्र सिंह

23 मई को रोहतक में होगा सद्भाव यात्रा का समापन, कांग्रेस के सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को भेजा गया निमंत्रण

 70
हुड्डा को व्यक्तिगत तौर पर निमंत्रण दूंगा, वे जरूर आएंगे : बीरेंद्र सिंह

हुड्डा को व्यक्तिगत तौर पर निमंत्रण दूंगा, वे जरूर आएंगे : बीरेंद्र सिंह

- 23 मई को रोहतक में होगा सद्भाव यात्रा का समापन, कांग्रेस के सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को भेजा गया निमंत्रण

टीएचटी न्यूज, रोहतक :

पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह डूमरखां ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा को वे स्वयं व्यक्तिगत तौर पर निमंत्रण देंगे और उनके निमंत्रण पर हुड्डा निश्चित रूप से सद्भाव यात्रा के समापन समारोह में शामिल होंगे। पूर्व सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के विदेशी मामले विभाग के उपाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा का 23 मई को रोहतक में समापन होगा। यात्रा राजीव गांधी चौक से शुरू होकर दुर्गा भवन मंदिर चौक तक निकाली जाएगी। बीरेंद्र सिंह डूमरखां ने वीरवार को रोहतक स्थित मैना पर्यटन केंद्र में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान यह बात कही।

उन्होंने बताया कि यात्रा के समापन समारोह के लिए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को निमंत्रण भेजा गया है। इनमें भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा, फूलचंद मुलाना, बलबीर पाल शाह, धर्मपाल मलिक, अशोक तंवर और उदयभान पूनिया के नाम शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कुलदीप शर्मा तथा राज्यसभा सदस्य रणदीप सुरजेवाला को भी आमंत्रित किया गया है।

बीरेंद्र सिंह ने बताया कि यह निमंत्रण स्वयं बृजेंद्र सिंह द्वारा पत्र के माध्यम से भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के समापन समारोह में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सभी यात्रियों का स्वागत करेंगे।

उन्होंने दावा किया कि हरियाणा गठन के 60 वर्षों के इतिहास में पहली बार इस प्रकार की व्यापक पैदल यात्रा निकाली गई है, जिसने प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में करीब 2800 किलोमीटर तक जनसंपर्क किया है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से कांग्रेस संगठन को मजबूती मिली है और पार्टी के पुराने नेताओं व कार्यकर्ताओं को फिर से जोड़ने का काम हुआ है।

बीरेंद्र सिंह ने कहा कि सद्भाव यात्रा ने प्रदेश में सामाजिक भाईचारे को मजबूत करने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सहमति के बाद ही बृजेंद्र सिंह ने हरियाणा में इस यात्रा की शुरुआत की थी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हरियाणा कांग्रेस पूरी तरह से एकजुट है। सद्भाव यात्रा की शुरुआत 5 अक्टूबर को नरवाना विधानसभा क्षेत्र के गांव दानौदा स्थित बिनैन खाप के चबूतरे से हुई थी।

प्रेस कांफ्रेंस में यात्रा के मीडिया प्रभारी एडवोकेट अमित काजल, युवा कांग्रेस नेता हेमंत बख्शी, अंकित ओहल्याण, एडवोकेट विक्रम ओहल्याण तथा एडवोकेट तनवीर सिंह भी मौजूद रहे।

-------------