एमडीयू में पीजी समेत 100 पाठ्यक्रमों में दाखिले शुरू, 4000 सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ

10 जून तक कर सकेंगे आवेदन, प्रवेश परीक्षा के आधार पर होंगे दाखिले; कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने जारी की प्रवेश विवरणिका

 23
एमडीयू में पीजी समेत 100 पाठ्यक्रमों में दाखिले शुरू, 4000 सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ

एमडीयू में पीजी समेत 100 पाठ्यक्रमों में दाखिले शुरू, 4000 सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ

- 10 जून तक कर सकेंगे आवेदन, प्रवेश परीक्षा के आधार पर होंगे दाखिले; कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने जारी की प्रवेश विवरणिका

टीएचटी न्यूज, रोहतक :

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट्स तथा एमडीयू-सीपीएएस गुरुग्राम में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर (पीजी), एलएलबी ऑनर्स, बीपीएड, एमटेक, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा, एम्प्लॉयबिलिटी एनहांसमेंट सर्टिफिकेट कोर्सेज तथा अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय ने करीब 100 पाठ्यक्रमों की लगभग 4000 सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।

एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने शुक्रवार को कुलपति कार्यालय स्थित कांफ्रेंस कक्ष में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश विवरणिका (प्रॉस्पेक्ट्स) का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि नए पाठ्यक्रमों और आधुनिक शिक्षा प्रणाली के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर करियर अवसर प्रदान किए जाएंगे।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने बताया कि विद्यार्थी 10 जून तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी तथा दाखिले प्रवेश परीक्षा के आधार पर किए जाएंगे।

डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए.एस. मान ने प्रवेश प्रक्रिया और विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, डीन फैकल्टी ऑफ लाइफ साइंसेज प्रो. मीनाक्षी वशिष्ठ, डीन ह्यूमैनिटीज प्रो. रणदीप राणा, निदेशक आईक्यूएसी प्रो. बी. नरसिम्हन, निदेशक सीडीओई प्रो. राजेश धनखड़, प्रो. केके शर्मा, प्रो. अनिल ओहलान, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

100 पाठ्यक्रमों में करीब 4000 सीटें

विश्वविद्यालय द्वारा पीजी, एलएलबी ऑनर्स, बीपीएड, सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा और एमटेक समेत लगभग 100 पाठ्यक्रमों में दाखिले किए जाएंगे। इनमें एमए, एमएससी, एमबीए, एमकॉम, एमसीए, एलएलएम, एमफार्मेसी, एमटेक, होटल मैनेजमेंट, टूरिज्म मैनेजमेंट तथा डेटा साइंस एवं मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक पाठ्यक्रम शामिल हैं।

एमडीयू के विभिन्न विभागों में एमए हिंदी, अंग्रेजी, पत्रकारिता एवं जनसंचार, राजनीति विज्ञान, इतिहास, समाजशास्त्र, साइकोलॉजी, योगा साइंस सहित कई विषयों में सीटें उपलब्ध हैं। वहीं विज्ञान संकाय में बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, जेनेटिक्स, फूड टेक्नोलॉजी, कंप्यूटर साइंस और फोरेंसिक साइंस जैसे कोर्सेज में भी प्रवेश होंगे।

इसके अलावा एमटेक के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, पावर सिस्टम्स तथा स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग जैसे पाठ्यक्रमों में भी दाखिले किए जाएंगे। वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए विशेष एमटेक पाठ्यक्रम भी उपलब्ध रहेंगे।

एमडीयू-सीपीएएस गुरुग्राम में एमबीए, एलएलबी ऑनर्स और एलएलएम कार्यक्रमों में भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।

-----------