गढ़ी सांपला किलोई से शुरू हुई बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा

पूर्व सांसद बोले— युवाओं में सरकार के प्रति भारी आक्रोश, सामाजिक भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है यात्रा

 30
गढ़ी सांपला किलोई से शुरू हुई बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा

गढ़ी सांपला किलोई से शुरू हुई बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा

-

पूर्व सांसद बोले— युवाओं में सरकार के प्रति भारी आक्रोश, सामाजिक भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है यात्रा

टीएचटी न्यूज, रोहतक :

पूर्व सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के विदेशी मामले विभाग के उपाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में चल रही सद्भाव यात्रा गुरुवार को रोहतक जिले के गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। यात्रा की शुरुआत गांव इस्माईला से हुई, जिसके बाद गिझी गांव, सांपला शहर, छोटूराम मैमोरियल सांपला और गढ़ी सांपला गांव में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह डूमरखां, चरखी दादरी कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील धानक, पलवल महिला कांग्रेस अध्यक्ष सविता कुंडू, पूर्व सरपंच ओमप्रकाश खत्री, पूर्व पार्षद राजेश, अंकित ओहल्याण, तनवीर एडवोकेट, अमित काजल एडवोकेट, अजय ओहल्याण एडवोकेट, विक्रम ओहल्याण एडवोकेट तथा किसान नेता ममता कादियान सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अपने संबोधन में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने प्रदेश और देश में बढ़ती बेरोजगारी को सबसे बड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं में सरकार के प्रति भारी नाराजगी और आक्रोश है। उन्होंने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर युवाओं द्वारा बनाई गई “कॉकरोंच जनता पार्टी” से कुछ ही दिनों में करोड़ों लोग जुड़ गए, जो युवाओं की निराशा को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज राजनीति और जनभावनाओं का बड़ा माध्यम बन चुका है। बृजेंद्र सिंह ने नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका के राजनीतिक हालात का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत में भी युवाओं का असंतोष तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी भी सोशल मीडिया की ताकत से ही उभरी थी।

पूर्व सांसद ने हरियाणा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने के बजाय बाहरी राज्यों के युवाओं को नौकरियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन की भर्तियों में भी बाहरी उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलने के मामले सामने आए हैं, जो हरियाणा के युवाओं के साथ अन्याय है।

उन्होंने कहा कि सद्भाव यात्रा का उद्देश्य प्रदेश में सामाजिक भाईचारा और आपसी सौहार्द को मजबूत करना है। यह यात्रा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से प्रेरित होकर निकाली जा रही है। उन्होंने दावा किया कि यात्रा के दौरान लोगों के बीच सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी और खराब कानून व्यवस्था ही सामने आ रही है।

बृजेंद्र सिंह ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विदेशों में बैठे अपराधी फोन पर रंगदारी मांग रहे हैं, जबकि सरकार और पुलिस प्रशासन निष्क्रिय बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का प्रशासन पर नियंत्रण नहीं रह गया है और आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

यात्रा के मीडिया प्रभारी एडवोकेट अमित काजल ने बताया कि 22 मई को भी सद्भाव यात्रा गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा क्षेत्र में जारी रहेगी। यात्रा शाम 4 बजे बोहर गांव से शुरू होकर भालौठ और किलोई गांव तक जाएगी। उन्होंने बताया कि अब तक यह यात्रा हरियाणा की 89 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंच चुकी है।

---------------