हरियाणा बोर्ड 12वीं के नतीजों में बेटियों का दबदबा, पूरे प्रदेश में दादरी जिला रहा अव्वल
84.67 प्रतिशत रहा कुल परिणाम, ग्रामीण छात्रों ने भी शहरों को छोड़ा पीछे
हरियाणा बोर्ड 12वीं के नतीजों में बेटियों का दबदबा, पूरे प्रदेश में दादरी जिला रहा अव्वल
- 84.67 प्रतिशत रहा कुल परिणाम, ग्रामीण छात्रों ने भी शहरों को छोड़ा पीछे
ओपी वशिष्ठ, रोहतक
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने मंगलवार को 12वीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम 2026 घोषित कर दिए। इस बार भी प्रदेश की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों से बेहतर परिणाम हासिल किया है। बोर्ड मुख्यालय भिवानी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने परीक्षा परिणामों की विस्तृत जानकारी साझा की।
इस वर्ष 12वीं की परीक्षा में कुल 2 लाख 42 हजार 856 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। इनमें से 2 लाख 5 हजार 618 परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए। कुल परीक्षा परिणाम 84.67 प्रतिशत दर्ज किया गया। छात्राओं का पास प्रतिशत 87.97 प्रतिशत रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 81.45 प्रतिशत रहा। इस तरह लड़कियों ने लड़कों से 6.52 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन कर अपनी शैक्षणिक श्रेष्ठता साबित की।
जिलावार प्रदर्शन की बात करें तो चरखी दादरी जिला पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर रहा, जबकि नूंह जिला सबसे पीछे रहा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने भी इस बार बेहतर प्रदर्शन किया। ग्रामीण क्षेत्र का पास प्रतिशत 84.98 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि शहरी क्षेत्रों का परिणाम 83.91 प्रतिशत रहा। इससे साफ है कि गांवों के विद्यार्थियों ने शहरों को भी पीछे छोड़ दिया है।
स्कूलों के परिणामों में भी निजी विद्यालयों ने बेहतर प्रदर्शन किया। प्राइवेट स्कूलों का पास प्रतिशत 87.94 प्रतिशत रहा, जबकि सरकारी स्कूलों का परिणाम 82.44 प्रतिशत दर्ज किया गया। हालांकि दोनों श्रेणियों के विद्यालयों के परिणामों में सुधार देखने को मिला है, जिसे शिक्षा व्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
हरियाणा मुक्त विद्यालय (HOS) के परिणाम भी बोर्ड द्वारा जारी किए गए। मुक्त विद्यालय की फ्रेश श्रेणी में 42.15 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे, जबकि रि-अपीयर श्रेणी का परिणाम 50.09 प्रतिशत दर्ज किया गया। यहां भी छात्राओं ने छात्रों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया और 11.23 प्रतिशत की बढ़त हासिल की।
शिक्षा बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी अपने प्राप्त अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, उनके लिए पुनर्मूल्यांकन और पुनः जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इच्छुक छात्र-छात्राएं परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिनों के भीतर बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बोर्ड ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह से बचें और केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही जानकारी प्राप्त करें। परीक्षा परिणामों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि हरियाणा की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।
दादरी के लिए गर्व की बात : सुनील सतपाल सांगवान
चरखी दादरी से विधायक सुनील सतपाल सांगवान ने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE)ने 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित किया है। जिलावार प्रदर्शन में चरखी दादरी पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। यह दादरी की जनता और मेरे के लिए गर्व की बात है। दादरी शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे आ रहा है। चाहे देश की सीमा पर सैनिकों की बात हो या फिर खेल की बात हो। दादरी के युवा लगातार आगे आ रहे हैं। मैं बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण और मेरिट में आने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देता हूं। विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी इसका श्रेय जाता है, उनको भी मेरी तरफ से बधाई और शुभकामनाएं।
-------------