रिटौली में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष: 40 राउंड फायरिंग, एक की मौत, तीन घायल
पुरानी रंजिश में शराब ठेके पर हमला, फ्रोंक्स–फॉर्च्यूनर में आमने-सामने की गोलीबारी, कई आपराधिक रिकॉर्डधारी शामिल
रिटौली में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष: 40 राउंड फायरिंग, एक की मौत, तीन घायल
- पुरानी रंजिश में शराब ठेके पर हमला, फ्रोंक्स–फॉर्च्यूनर में आमने-सामने की गोलीबारी, कई आपराधिक रिकॉर्डधारी शामिल
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
गांव रिटौली में शुक्रवार शाम दो आपराधिक गुटों के बीच चली आ रही पुरानी रंजिश एक बार फिर खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। शराब ठेके के पास हुई अंधाधुंध फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए। घटना में करीब 40 राउंड फायरिंग होने की पुष्टि पुलिस ने की है। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 19 दिसंबर को शाम करीब 5:15 बजे सूचना मिली कि फ्रोंक्स कार में सवार पांच युवकों ने शराब ठेके के पास खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिले के सभी थानों को अलर्ट किया गया और जगह-जगह नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई।
इस फायरिंग में गांव सुंडाना निवासी दीपक पुत्र रमेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पीजीआईएमएस रोहतक में भर्ती कराया गया है। दीपक के पेट और कंधे में गोली लगी है। उसकी शिकायत के आधार पर थाना शिवाजी कॉलोनी में अभियोग संख्या 561/2025 दर्ज कर धारा 109, 190, 191(3) बीएनएस और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दीपक की गांव रिटौली निवासी सन्नी के साथ शराब ठेके में साझेदारी है। शुक्रवार शाम दीपक, सन्नी और उनके साथी ठेके के बाहर गाड़ी से सामान उतार रहे थे। इसी दौरान फ्रोंक्स कार में सवार पांच युवक हथियारों के साथ पहुंचे और फॉर्च्यूनर गाड़ी को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के दौरान सन्नी और उसके साथियों ने भागकर जान बचाई।
घटना में फ्रोंक्स कार सवार दो युवकों को भी गोली लगी। इनमें से दीपांशु निवासी गांव महराणा, जिला झज्जर की मौके के बाद मौत हो गई, जबकि रोहित निवासी गांव आसौदा, जिला झज्जर गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज झज्जर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार दीपांशु पर एक आपराधिक मामला दर्ज था, जबकि रोहित के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास सहित 11 मामले दर्ज हैं। रोहित हाल ही में पैरोल पर बाहर आया था और सजायाफ्ता अपराधी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सन्नी रिटौली और हिमांशु उर्फ भाऊ के बीच वर्ष 2020 से रंजिश चली आ रही है। विवाद की शुरुआत बसों की किस्तों को लेकर हुई थी। मार्च 2022 में सन्नी ने हिमांशु के चाचा के बेटे बजरंग की हत्या की थी। इसके बाद बदले की कार्रवाई में हिमांशु ने सन्नी के साथी हंसराज की हत्या की। इसी साल जून में सन्नी के चाचा की भी हत्या कर दी गई थी। अब तक इस रंजिश में तीन हत्याएं हो चुकी हैं।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त फ्रोंक्स गाड़ी बरामद कर ली है। सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। घायल युवकों से पूछताछ जारी है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
--------------