डीएलसी सुपवा के छात्र चमन रमेश किशन की फ़िल्म ‘द ज़ीरो लाइन’ को माराकेच शॉर्ट फ़िल्म फ़ेस्टिवल में शीर्ष सम्मान
अंतरराष्ट्रीय मंच पर हरियाणा का नाम रोशन, मोरक्को में ‘कूप द कवर’ अवॉर्ड से नवाजी गई लघु फ़िल्म
डीएलसी सुपवा के छात्र चमन रमेश किशन की फ़िल्म ‘द ज़ीरो लाइन’ को माराकेच शॉर्ट फ़िल्म फ़ेस्टिवल में शीर्ष सम्मान
-
अंतरराष्ट्रीय मंच पर हरियाणा का नाम रोशन, मोरक्को में ‘कूप द कवर’ अवॉर्ड से नवाजी गई लघु फ़िल्म
टीएचटी न्यूज, रोहतक |
दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय (डीएलसी सुपवा), रोहतक के निर्देशन विभाग के अंतिम वर्ष के छात्र चमन रमेश किशन द्वारा निर्देशित लघु फ़िल्म ‘द ज़ीरो लाइन’ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय और हरियाणा का नाम रोशन किया है। इस फ़िल्म को मोरक्को में आयोजित माराकेच शॉर्ट फ़िल्म फ़ेस्टिवल (26 सितंबर से 1 अक्टूबर 2025) में प्रतिष्ठित ‘कूप द कवर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
‘द ज़ीरो लाइन’ साहित्य और सिनेमा के सशक्त संगम का उदाहरण है। यह फ़िल्म प्रसिद्ध लेखक सआदत हसन मंटो और मनोज दास की तीन कहानियों पर आधारित है, जो गरिमा, संघर्ष, पहचान और सामाजिक पाखंड जैसे संवेदनशील विषयों की गहरी पड़ताल करती है। फ़िल्म समाज के हाशिए पर जी रहे लोगों की पीड़ा और उनके जीवन की कठोर सच्चाइयों को मानवीय संवेदना के साथ प्रस्तुत करती है।
डीएलसी सुपवा द्वारा निर्मित यह फ़िल्म एक सामूहिक रचनात्मक प्रयास का परिणाम है, जिसमें फ़ैकल्टी ऑफ़ फ़िल्म एंड टेलीविज़न के 40 से अधिक छात्रों ने कलाकारों और तकनीकी दल के रूप में भागीदारी की। माराकेच में मिली इस बड़ी उपलब्धि के साथ-साथ ‘द ज़ीरो लाइन’ को टोरंटो इंटरनेशनल फ़िल्म फ़ेस्टिवल ऑफ़ साउथ एशिया, ब्राज़ील का इंटरनेशनल स्टूडेंट फ़िल्म फ़ेस्टिवल (पर्नाम्बुको) और नाइजीरिया का ज़ूमा इंटरनेशनल फ़िल्म फ़ेस्टिवल सहित कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय समारोहों में भी प्रदर्शन के लिए चुना गया है।
यह पहली बार नहीं है जब चमन की रचनात्मक प्रतिभा को वैश्विक मंच पर पहचान मिली हो। मार्च 2025 में उन्हें कैम्ब्रिज में आयोजित वाटरस्प्राइट फ़िल्म फ़ेस्टिवल में अपनी फ़िल्म ‘ए फ़्लाइट ऑफ़ द लॉस्ट ड्रीमी बर्ड’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला था। यह फ़िल्म दो वर्षों में 19 अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म समारोहों में प्रदर्शित और पुरस्कृत हुई। इसके साथ ही चमन को वाटरस्प्राइट फ़िल्म फ़ेस्टिवल 2026 की जूरी में शामिल होने का निमंत्रण भी मिला है।
इस उपलब्धि के सम्मान में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अमित आर्य ने पूरी फ़िल्म टीम को अपने कार्यालय में सम्मानित किया। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक, फ़ैकल्टी ऑफ़ फ़िल्म एंड टेलीविज़न के प्रमुख डॉ. महेश टी.पी. सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। कुलपति ने इसे विश्वविद्यालय के सशक्त रचनात्मक परिवेश का प्रमाण बताया।
------------