भारत-रूस खेल सहयोग को मिला नया आयाम, भारतीय दिवस पर होगा एमओयू
भारत-रूस खेल सहयोग को मिला नया आयाम, भारतीय दिवस पर होगा एमओयू
- मस्को में बैसाखी महोत्सव में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ रखी गई खेल अौर सांस्कृतिक गतिविधियों के आदान-प्रदान की नींव
ओपी वशिष्ठ, रोहतक :
भारत और रूस के बीच खेल और सांस्कृतिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की गई है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने मास्को में आयोजित भव्य बैसाखी महोत्सव में भाग लेकर इस प्रस्ताव की नींव रखी गई है। पंजाबी एसोसिएशन मॉस्को के अध्यक्ष बी.एस. सोढ़ी और रूस में भारतीय संगठनों के अध्यक्ष सैमी मनोज कोटवानी द्वारा किया गया। अब रूस में होने वाले भारतीय दिवस पर दोनों देशों के बीच एमओयू पर मुहर लगने की उम्मीद है। इंटरनेशनल ग्रेपलिंग कमेटी आफ इंडिया (GCI) के निदेशक विजय सांगवान, अंतरराष्ट्रीय ग्रेपलिंग रेफरी संजीव कादयान, डौल्टा फाउंडेशन के संस्थापक एवं समाजसेवी रूद्र प्रताप सिंह डौल्टा, प्रमुख व्यवसायी और सामाजिक कार्यकर्ता आशीष सिंगल, चर्चित गायक व अभिनेता बिंदर दिनोदा और फिल्म लेखक-निर्माता संजू सांघी प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे।
खेल विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा : सांगवान
इंटरनेशनल ग्रेपलिंग कमेटी आफ इंडिया (GCI) के निदेशक विजय सांगवान ने बताया कि इस प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक समारोहों तक सीमित नहीं था, बल्कि इसका मकसद भारत की ओलंपिक संभावनाओं को सशक्त बनाना, ग्रेपलिंग व कुश्ती जैसे खेलों में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाना और खेलों के माध्यम से भारत की वैश्विक उपस्थिति को बढ़ाना था। विशेष रूप से, युवाओं के खेल विकास को लेकर भारत-रूस सहयोग को नई दिशा देने पर गहन विचार-विमर्श हुआ। पिछले 35 वर्षों से रूस में सक्रिय भारतीय समुदाय के वरिष्ठ नेता सैमी मनोज कोटवानी के मार्गदर्शन में प्रतिनिधिमंडल ने रिपब्लिक ऑफ दागेस्तान के खेल मंत्रालय के लिए एक विस्तृत सहयोग प्रस्ताव तैयार किया। यह प्रस्ताव ‘भारत-रूस ग्रेपलिंग एवं कुश्ती सहयोग योजना’ के तहत द्विपक्षीय खेल आदान-प्रदान को मजबूत बनाने हेतु एक स्थायी और चरणबद्ध ढांचा प्रस्तुत करता है।
इस प्रस्ताव के ये हैं खास बिंदु
- भारत और रूस के ग्रेपलिंग एवं कुश्ती संगठनों के बीच साझेदारी,
- द्विपक्षीय प्रशिक्षण शिविरों एवं कोच आदान-प्रदान कार्यक्रमों की शुरुआत,
- प्रतिवर्ष भारत-रूस ग्रेपलिंग चैम्पियनशिप का आयोजन,
- हरियाणा और दागेस्तान में युवा कुश्ती अकादमियों की स्थापना,
- टूर्नामेंट और मीडिया प्रोजेक्ट्स के जरिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा।
खेल मंत्री गौरव गौतम को किया आमंत्रित
विजय सांगवान ने बताय कि दागेस्तान के खेल मंत्री से एक सार्थक बातचीत की। मंत्री ने भारत के साथ औपचारिक सहयोग की गहरी रुचि दिखाई। इसके तहत यह प्रस्ताव भी रखा गया कि हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम को St. Petersburg International Economic Forum (SPIEF 2025) में आमंत्रित किया जाए, जहां दोनों पक्ष हरियाणा और दागेस्तान के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर करने की दिशा में कार्य करेंगे। यह पहल भारतीय खेल नेतृत्व की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत भारतीय एथलीटों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अधिक अवसर दिलाने और खेल कूटनीति के माध्यम से भारत-रूस मैत्री को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
दो देशों की दोस्ती की लिखेगा इबारत
सैमी कोटवानी ने कहा कि “यह केवल खेलों या पदकों की बात नहीं है, यह दोस्ती की नई इबारत लिखने का अवसर है। हमें भारतीय युवाओं को अंतरराष्ट्रीय अवसर देने हैं, और भारत-रूस की एकता की एक नई कहानी खेल और संस्कृति के माध्यम से कहनी है। यह एक नई पीढ़ी के चैंपियनों को प्रेरित करने का यत्न है।”
------------------
खेल ढांचा और ट्रेनिंग पर रहेगा विशेष् जोर
विजय सांगवान ने बताया कि रूस में हुई बैठक भारत और दागेस्तान के बीच विशेष रूप से कुश्ती और ग्रैपलिंग जैसे खेलों में सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी न केवल खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा के स्तर को ऊंचा उठाएगी, बल्कि दोनों देशों के युवाओं को जोड़ने का माध्यम भी बनेगी। बैठक का समापन आशावादी और सकारात्मक माहौल में हुआ। सभी प्रतिनिधियों ने आगामी हफ्तों में आपसी समन्वय बनाए रखने और सहयोग के ठोस खाके – जैसे कि खेल विनिमय, संयुक्त प्रशिक्षण शिविर और मैत्रीपूर्ण प्रतियोगिताओं – पर कार्य शुरू करने पर सहमति जताई। साजिद साजिदोव ने आश्वासन दिया है कि दागेस्तान, भारत के साथ दीर्घकालिक और विश्वास पर आधारित खेल साझेदारी के लिए तैयार है। उन्होंने खेल के क्षेत्र में सांस्कृतिक आदान-प्रदान और युवा विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।
ग्रीको रोमन कुश्ती का हब है दागेस्तान
सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम (SPIEF 2025)। दोनों पक्षों ने इस वैश्विक मंच पर भारत (हरियाणा खेल मंत्रालय) और दागेस्तान के खेल मंत्रालय के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करने की गहरी रुचि दिखाई। यह साझेदारी पहले कुश्ती से आरंभ होकर जूडो, बॉक्सिंग और मार्शल आर्ट्स जैसे अन्य खेलों तक विस्तारित की जा सकती है। द रिपब्लिक ऑफ दागेस्तान के खेल मंत्री साजिद साजिदोव, रूस में भारतीय समुदाय के वरिष्ठ नेता जिमी कोटवानी, और इंटरनेशनल ग्रैपलिंग कमेटी ऑफ इंडिया (GCI) के निदेशक विजय सांगवान शामिल हुए थे।
------------------