विकसित भारत के संकल्प में सहकारिता की अहम भूमिका, देश में लगेंगी 150 नई चीनी मिलें: डॉ. अरविंद शर्मा
- महम सहकारी चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ
विकसित भारत के संकल्प में सहकारिता की अहम भूमिका, देश में लगेंगी 150 नई चीनी मिलें: डॉ. अरविंद शर्मा
- महम सहकारी चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
प्रदेश के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत–2047 के संकल्प को पूरा करने में सहकारिता क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देशभर में 150 नई चीनी मिलें स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी कड़ी में हरियाणा के नारायणगढ़ में सहकारी चीनी मिल स्थापित करने की दिशा में कार्य प्रगति पर है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने सोमवार को महम सहकारी चीनी मिल के 36वें पेराई सत्र (2025–26) का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने हवन में पूर्णाहुति डालकर पेराई सत्र के निर्विघ्न संचालन की कामना की। इसके बाद ब्वॉयलर का बटन दबाकर और चेन में गन्ना डालकर पेराई सत्र शुरू किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कैन यार्ड से चेन तक चलाकर किसानों का उत्साह बढ़ाया।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने देश में सबसे अधिक गन्ना समर्थन मूल्य घोषित किया है। अगेती किस्म के लिए 415 रुपये प्रति क्विंटल तथा मध्यम व पछेती किस्म के लिए 408 रुपये प्रति क्विंटल भाव निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य समय पर भुगतान और किसान सुविधाओं के मामले में अन्य राज्यों की तुलना में अग्रणी है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने किसानों से गन्ना क्षेत्रफल बढ़ाने और अधिक से अधिक संख्या में चीनी मिल से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वर्तमान पेराई सत्र में गन्ना किसानों का भुगतान समय पर किया जाएगा। सरकार गन्ना कटाई से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि चीनी मिलों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए चीनी उत्पादन के साथ-साथ सह-उत्पादों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। महम की ऐतिहासिक चीनी मिल की पुरानी टर्बाइनों को बदला जाएगा और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान सहकारिता मंत्री ने मिल के दिवंगत कर्मचारी स्व. दीनदयाल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही, परिवार के एक सदस्य को नियमानुसार नौकरी देने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर सबसे पहले गन्ना लेकर पहुंचे किसानों और ट्रक चालक को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, विभिन्न जनप्रतिनिधि, किसान तथा मिल प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
-----------------