धान खरीद में सैकड़ों हजार करोड़ का घोटाला  :  भूपेंद्र सिंह हुड्डा

कहा – सरकार न किसानों को MSP दे रही, न मुआवजा और न खाद

 19
धान खरीद में सैकड़ों हजार करोड़ का घोटाला  :  भूपेंद्र सिंह हुड्डा

धान खरीद में सैकड़ों हजार करोड़ का घोटाला   भूपेंद्र सिंह हुड्डा
कहा – सरकार न किसानों को MSP दे रही, न मुआवजा और न खाद

टीएचटी न्यूज, रोहतक :
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य में धान खरीद के नाम पर सैकड़ों हजार करोड़ रुपये का घोटाला हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार बाढ़ की वजह से धान की फसल बुरी तरह तबाह हो गई थी, इसके बावजूद मंडियों में उत्पादन से कहीं ज्यादा धान की आवक दिखाई गई। यह आंकड़ेबाज़ी साफ इशारा करती है कि खरीद प्रक्रिया में बड़ा फर्जीवाड़ा हुआ है।


"किसानों को नहीं मिली MSP, फिर भी खरीद बढ़ा दी गई"

हुड्डा ने कहा कि इस बार हरियाणा के किसान एमएसपी के लिए दर-दर भटकते रहे, लेकिन सरकार ने किसी को सही दाम नहीं दिया। बावजूद इसके, रिकॉर्ड खरीद दिखाई गई जो पिछले सीजन से भी ज्यादा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उत्पादन ही घटा है, तो खरीद कैसे बढ़ गई? “यह पूरे सिस्टम में गड़बड़ी का संकेत है और सैकड़ों हजार करोड़ के घोटाले की ओर इशारा करता है,” हुड्डा ने कहा।


"जांच रिपोर्ट दबाई जा रही है"

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पिछली बार धान खरीद में उजागर हुए घोटाले की जांच रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। अब करनाल में एक और बड़ा घोटाला सामने आया है। “यह सिर्फ करनाल की बात नहीं है, बल्कि पूरे हरियाणा की कहानी है,” हुड्डा ने कहा। उन्होंने जोड़ा कि किसी भी किसान को एमएसपी नहीं मिली और सरकार किसानों के साथ लगातार छल कर रही है।


"खाद के लिए किसानों का अपमान"

हुड्डा ने खाद वितरण में हो रही अनियमितताओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद लेने के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है और “उनके हाथों पर अपराधियों की तरह मोहर लगाई जा रही है।” उन्होंने इसे अन्नदाता का सीधा अपमान बताया।


"खेल नीति का बंटाधार"

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने खिलाड़ियों के सम्मान और युवाओं को प्रेरित करने के लिए ‘पदक लाओ, पद पाओ’ नीति लागू की थी, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे और अपराध से दूर रखना था। “बीजेपी सरकार ने न सिर्फ उस नीति को खत्म कर दिया, बल्कि कांग्रेस कार्यकाल में बने स्टेडियमों का रखरखाव तक नहीं कर पा रही है,” उन्होंने कहा।


"किसान और खिलाड़ी दोनों उपेक्षित"

हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा को ऐसे मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया है, जहां किसान उपेक्षित, खिलाड़ी निराश और युवा बेरोजगार हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस सत्ता में आई तो किसानों, खिलाड़ियों और युवाओं के हक में नीतियों को फिर से बहाल करेगी।

-------------