दीपेंद्र हुड्डा के दिल्ली आवास पर लंच बना राजनीतिक संदेश का मंच, राहुल-प्रियंका पहली बार हुए शामिल
- कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में संगठन, चुनावी रणनीति और मौजूदा सियासी हालात पर चर्चा; कुछ बड़े नेताओं की गैरमौजूदगी से गुटबाजी की चर्चा भी तेज
दीपेंद्र हुड्डा के दिल्ली आवास पर लंच बना राजनीतिक संदेश का मंच, राहुल-प्रियंका पहली बार हुए शामिल
- कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में संगठन, चुनावी रणनीति और मौजूदा सियासी हालात पर चर्चा; कुछ बड़े नेताओं की गैरमौजूदगी से गुटबाजी की चर्चा भी तेज
ओपी वशिष्ठ, रोहतक :
हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित वार्षिक लंच कार्यक्रम इस बार खास राजनीतिक संदेशों का केंद्र बन गया। पहली बार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा इस कार्यक्रम में शामिल हुए। उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता, सांसद और विधायक भी मौजूद रहे। इस बीच, हरियाणा कांग्रेस के कुछ बड़े नेताओं की गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। सांसद कुमारी सैलजा, राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। उनकी अनुपस्थिति को लेकर पार्टी में गुटबाजी और आपसी मतभेदों की अटकलें भी तेज हो गईं, जिससे हरियाणा कांग्रेस के अंदरूनी समीकरणों पर फिर सवाल उठने लगे
15 तालकटोरा रोड स्थित दीपेंद्र हुड्डा के निवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा ने मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोपहर के भोजन के साथ-साथ नेताओं के बीच देश और प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर अनौपचारिक चर्चा भी होती रही।
ज्ञात हो कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा हर साल संसद सत्र के दौरान लोहड़ी और मकर संक्रांति के अवसर पर दिल्ली में अपने आवास पर कांग्रेस नेताओं, सांसदों, विधायकों और पत्रकारों के सम्मान में लंच का आयोजन करते हैं। यह परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है, लेकिन इस बार राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह, सचिन पायलट, मिलिंद देवड़ा, मनीष तिवारी, सलमान खुर्शीद, संदीप दीक्षित, मुकुल वासनिक, आनंद शर्मा, प्रफुल्ल पटेल, राजीव शुक्ला, महुआ मोइत्रा, प्रियंका चतुर्वेदी, सुप्रिया श्रीनेत समेत कांग्रेस और सहयोगी दलों के कई नेता शामिल हुए। हरियाणा कांग्रेस के विधायक, सांसद, पूर्व मंत्री और जिला अध्यक्षों के साथ सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
लंच के दौरान पार्टी संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनावों की रणनीति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर नेताओं के बीच विचार-विमर्श हुआ। हालांकि इसे औपचारिक बैठक नहीं बताया गया, लेकिन कार्यक्रम से राजनीतिक संकेत साफ नजर आए।
------------