एमडीयू में पिच पॉइंट हरियाणा 2025 से स्टार्टअप्स को मिली नई उड़ान

- रुहिल फ्यूचर टेक्नोलॉजीज करेगा छह स्टार्टअप्स में 10 से 30 लाख रुपये तक निवेश

 21
एमडीयू में पिच पॉइंट हरियाणा 2025 से स्टार्टअप्स को मिली नई उड़ान

एमडीयू में पिच पॉइंट हरियाणा 2025 से स्टार्टअप्स को मिली नई उड़ान

- रुहिल फ्यूचर टेक्नोलॉजीज करेगा छह स्टार्टअप्स में 10 से 30 लाख रुपये तक निवेश

टीएचटी न्यूज, रोहतक।

हरियाणा के उभरते स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती देने की दिशा में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) में आयोजित पिच पॉइंट हरियाणा 2025 कार्यक्रम एक अहम पहल के रूप में सामने आया है। रुहिल फ्यूचर टेक्नोलॉजीज (RFT) और एमडीयू के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम ने युवा उद्यमियों को अपने नवाचार प्रस्तुत करने और निवेश के अवसर हासिल करने का प्रभावी मंच प्रदान किया।

सीआईआईई की निदेशक प्रो. सोनिया ने बताया कि कार्यक्रम में कुल 45 स्टार्टअप्स ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 12 स्टार्टअप्स को पिचिंग के लिए चुना गया। विशेषज्ञों द्वारा गहन मूल्यांकन के बाद रुहिल फ्यूचर टेक्नोलॉजीज ने छह स्टार्टअप्स में निवेश की घोषणा की है। इनमें भारत वर्क्स, लाइफ कोच, एआई एथलीट, सिनर्जी सॉल्यूशंस, सेल श्योर और सेफ पाथ शामिल हैं।

आरएफटी द्वारा प्रति स्टार्टअप 10 से 30 लाख रुपये तक निवेश किया जाएगा। वर्ष 2026 की पहली तिमाही में तकनीक, संसाधन, डोमेन विशेषज्ञता और मेंटरशिप पर फोकस रहेगा, जबकि दूसरी तिमाही में स्टार्टअप्स के विस्तार और आगे के निवेश चरणों की रणनीति तैयार की जाएगी।

आरएफटी के अंशुल रुहिल ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल निवेश नहीं, बल्कि एक मजबूत और टिकाऊ स्टार्टअप इकोसिस्टम तैयार करना है। वहीं निदेशक एलुमनी रिलेशंस प्रो. सुमित गिल ने कहा कि पूर्व छात्रों का नेटवर्क और अनुभव स्टार्टअप्स को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।

------------

एमडीयू की बीटेक, एमटेक और एमएड की कुछ परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव

रोहतक।

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय ने बीटेक, एमटेक और एमएड से संबंधित कुछ विषयों की परीक्षाओं की तिथियों में संशोधन किया है। हालांकि परीक्षा का समय और केंद्र पहले की तरह ही रहेंगे।

परीक्षा नियंत्रक प्रो. राहुल ऋषि ने बताया कि बीटेक प्रथम सेमेस्टर (जी स्कीम) की बेसिक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग परीक्षा अब 24 दिसंबर 2025 के बजाय 2 जनवरी 2026 को होगी। वहीं एमटेक तृतीय सेमेस्टर (सीबीसीएस) की रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन परीक्षा की तिथि 24 दिसंबर से बदलकर 1 जनवरी 2026 कर दी गई है।

इसके अलावा एमएड एवं एमएड विशेष शिक्षा तृतीय सेमेस्टर की टीचर एजुकेशन में शोध दृष्टिकोण और मुद्दे तथा गाइडेंस एंड काउंसलिंग विषयों की परीक्षाएं अब 3 जनवरी के बजाय 9 जनवरी 2026 को आयोजित होंगी।

-------------

एमडीयू में अंतर-महाविद्यालय महिला बास्केटबॉल टूर्नामेंट 29 से

रोहतक।

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के खेल परिसर में अंतर-महाविद्यालय महिला बास्केटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन 29 और 30 दिसंबर को किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए टीमों की रिपोर्टिंग 29 दिसंबर को सुबह 9 बजे होगी, जबकि चयन ट्रायल 30 दिसंबर को होंगे।

खेल निदेशक डॉ. शकुंतला बेनीवाल ने बताया कि टूर्नामेंट और चयन ट्रायल एमकेजेके कॉलेज, रोहतक में आयोजित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबद्ध कॉलेजों से समय पर टीमों को भेजने की अपील की है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रत्येक टीम के साथ कोच और मैनेजर की उपस्थिति अनिवार्य होगी।

-------------