एमडीयू के प्रो. एससी मलिक को आईएसपीएस फेलो अवार्ड 2025

सांख्यिकी और प्रायिकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध व सेवाओं के लिए मिला सम्मान, कुलपति ने दी बधाई

 16
एमडीयू के प्रो. एससी मलिक को आईएसपीएस फेलो अवार्ड 2025

एमडीयू के प्रो. एससी मलिक को आईएसपीएस फेलो अवार्ड 2025

- सांख्यिकी और प्रायिकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध व सेवाओं के लिए मिला सम्मान, कुलपति ने दी बधाई

टीएचटी न्यूज, रोहतक।

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक के डीन, एकेडमिक अफेयर्स एवं सांख्यिकी विभाग के अध्यक्ष प्रो. एस. सी. मलिक को इंडियन सोसाइटी फॉर प्रोबेबिलिटी एंड स्टैटिस्टिक्स (ISPS) द्वारा वर्ष 2025 के प्रतिष्ठित आईएसपीएस फेलो अवार्ड से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि पर एमडीयू के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने प्रो. मलिक को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

प्रो. एस. सी. मलिक को यह सम्मान सांख्यिकी एवं प्रायिकता (Statistics & Probability) के क्षेत्र में उनके निरंतर, उच्चस्तरीय एवं प्रभावशाली शोध कार्यों के साथ-साथ इंडियन सोसाइटी फॉर प्रोबेबिलिटी एंड स्टैटिस्टिक्स के प्रति उनकी दीर्घकालिक और उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रदान किया गया है। उनके शोध कार्यों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक मान्यता प्राप्त है।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि प्रो. एस. सी. मलिक को मिला यह सम्मान महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की सुदृढ़ शैक्षणिक परंपरा, अनुसंधान संस्कृति और अकादमिक उत्कृष्टता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रो. मलिक ने अपने शोध, शिक्षण और प्रशासनिक योगदान के माध्यम से विश्वविद्यालय को नई पहचान दिलाई है तथा सांख्यिकी जैसे महत्वपूर्ण विषय को अकादमिक रूप से और अधिक सशक्त बनाया है।

कुलपति ने यह भी कहा कि प्रो. मलिक का अनुशासन, समर्पण और सतत शैक्षणिक सक्रियता युवा शिक्षकों एवं शोधार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय में शोध, नवाचार और अकादमिक गुणवत्ता को नई दिशा मिली है, जिससे एमडीयू की प्रतिष्ठा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मंचों पर और अधिक सुदृढ़ हुई है।

इस अवसर पर एमडीयू के कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत तथा कुलपति के सलाहकार प्रो. ए. के. राजन ने भी प्रो. मलिक को उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई दी। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षकों एवं अधिकारियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस सम्मान को विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया।

कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने आशा व्यक्त की कि प्रो. एस. सी. मलिक भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट शोध एवं अकादमिक कार्यों के माध्यम से विश्वविद्यालय का नाम रोशन करते रहेंगे।

------------