रोहित धनखड़ हत्याकांड में सरकार सख्त: मुख्यमंत्री ने डीजीपी को दिए कड़े निर्देश, जांच रोहतक ट्रांसफर

- सर्वखाप पंचायत के 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से मिले मुख्यमंत्री, शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सहायता का आश्वासन

 13
रोहित धनखड़ हत्याकांड में सरकार सख्त: मुख्यमंत्री ने डीजीपी को दिए कड़े निर्देश, जांच रोहतक ट्रांसफर

रोहित धनखड़ हत्याकांड में सरकार सख्त: मुख्यमंत्री ने डीजीपी को दिए कड़े निर्देश, जांच रोहतक ट्रांसफर

- सर्वखाप पंचायत के 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से मिले मुख्यमंत्री, शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सहायता का आश्वासन

टीएचटी न्यूज, चंडीगढ़, रोहतक |

अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डर और छह बार के राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता स्वर्गीय रोहित धनखड़ की नृशंस हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर सोमवार को सर्वखाप पंचायत, हरियाणा का 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके चंडीगढ़ स्थित आवास पर मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए हत्याकांड से जुड़े पूरे घटनाक्रम, अब तक की पुलिस कार्रवाई, लंबित गिरफ्तारियों और पीड़ित परिवार की स्थिति से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 27 नवंबर 2025 की रात भिवानी जिले में एक विवाह समारोह से लौटते समय महिलाओं के सम्मान में अभद्रता का विरोध करने पर 18–20 हमलावरों ने योजनाबद्ध तरीके से रोहित धनखड़ की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस संबंध में थाना सदर भिवानी में FIR संख्या 0609/2025 दर्ज की गई, जिसमें चार नामजद और 15–20 अज्ञात आरोपियों को शामिल किया गया है। हालांकि, घटना को लगभग एक माह बीत जाने के बावजूद अधिकांश आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हो पाए हैं, जिससे समाज में भारी रोष व्याप्त है।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि हरियाणा के पुलिस महानिदेशक द्वारा 16 दिसंबर 2025 तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक केवल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी है। इसे प्रशासनिक शिथिलता बताते हुए प्रतिनिधिमंडल ने निष्पक्ष और प्रभावी जांच की मांग की।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए बैठक के दौरान पुलिस महानिदेशक से फोन पर सीधी बातचीत की। मुख्यमंत्री ने डीजीपी को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने हत्याकांड की जांच भिवानी से हटाकर रोहतक पुलिस को ट्रांसफर करने तथा शेष सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषी चाहे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उन्हें कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और रोहित धनखड़ की बहन को उसकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के विषय में भी सकारात्मक आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है और रोहित धनखड़ को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को यह भी अवगत कराया कि 13 दिसंबर 2025 को रोहतक के जाट भवन में आयोजित 36 बिरादरी सर्वखाप महापंचायत में यह निर्णय लिया गया था कि यदि समयबद्ध न्याय नहीं मिला, तो आगे की रणनीति तय की जाएगी। मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात को सर्वखाप पंचायत ने सकारात्मक और निर्णायक दिशा देने वाला कदम बताया, साथ ही चेतावनी दी कि यदि आश्वासनों पर शीघ्र अमल नहीं हुआ तो प्रदेशस्तरीय पंचायत बुलाई जाएगी।

---------------