संचार व तकनीकी कौशल से ही मिलेगा करियर में मुकाम: सुनित मुखर्जी
- एमडीयू प्राध्यापक का छात्राओं को संदेश—कॉन्फिडेंस से करें संवाद, आईसीटी और एआई स्किल्स पर दें जोर
संचार व तकनीकी कौशल से ही मिलेगा करियर में मुकाम: सुनित मुखर्जी
- एमडीयू प्राध्यापक का छात्राओं को संदेश—कॉन्फिडेंस से करें संवाद, आईसीटी और एआई स्किल्स पर दें जोर
टीएचटी न्यूज, रोहतक:
छात्राओं को संचार और तकनीकी कौशल विकसित कर जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्राध्यापक सुनित मुखर्जी ने कहा कि बेटियां समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि सही दिशा, आत्मविश्वास और स्किल्स के बल पर छात्राएं अपने करियर में ऊंचाइयां हासिल कर सकती हैं।
वे महारानी किशोरी जाट कन्या महाविद्यालय, रोहतक में आयोजित एक विशेष व्याख्यान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ‘कम्युनिकेशन स्किल्स फॉर कम्युनिटी लीडरशिप’ विषय पर बोलते हुए कहा कि महिलाएं आज ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, विधिक जागरूकता, प्रशासन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में प्रभावी नेतृत्व कर रही हैं।
सुनित मुखर्जी ने छात्राओं को ‘कम्युनिकेट विद कॉन्फिडेंस’ का मंत्र देते हुए नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने, सामान्य ज्ञान को अपडेट रखने तथा आईसीटी और एआई जैसी आधुनिक तकनीकी स्किल्स सीखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि करियर लक्ष्य हासिल करने में संचार कौशल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम की शुरुआत में संयोजिका प्राध्यापिका सोफिया जाखड़ ने मुख्य वक्ता का परिचय दिया और कहा कि यह व्याख्यान छात्राओं के व्यक्तित्व विकास में सहायक सिद्ध होगा।
कॉलेज प्राचार्या डॉ. रश्मि लोहचब ने अपने संदेश में कहा कि छात्राओं की क्षमता निर्माण के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर कॉमर्स विभाग की प्राध्यापिका रेखा भी उपस्थित रहीं। बीए और बीकॉम की छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
-----------