रोहतक में BJP की बड़ी रणनीतिक बैठक, 4706 शक्ति केंद्रों पर 21-22 अप्रैल को होंगी व्यापक बैठकें
- संगठन मजबूती, निकाय चुनाव तैयारी और अंबेडकर जयंती कार्यक्रमों पर बना रोडमैप; कांग्रेस पर भी साधा निशाना
रोहतक में BJP की बड़ी रणनीतिक बैठक, 4706 शक्ति केंद्रों पर 21-22 अप्रैल को होंगी व्यापक बैठकें
- संगठन मजबूती, निकाय चुनाव तैयारी और अंबेडकर जयंती कार्यक्रमों पर बना रोडमैप; कांग्रेस पर भी साधा निशाना
ओपी वशिष्ठ, रोहतक:
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हरियाणा में संगठन को और मजबूत करने और आगामी निकाय चुनावों की तैयारी को लेकर बड़ा खाका तैयार किया है। रोहतक स्थित पार्टी कार्यालय "मंगल कमल" में प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में 4706 शक्ति केंद्रों पर 21 और 22 अप्रैल को बड़े स्तर पर बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री एवं मंत्री कृष्ण बेदी, डॉ. अर्चना गुप्ता और सुरेंद्र पूनिया सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि पार्टी का 47वां स्थापना दिवस 20,629 बूथों पर मनाया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि 13-14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को भी बड़े स्तर पर मनाया जाएगा, जिसमें स्वच्छता अभियान और दीपोत्सव जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे।
बड़ौली ने कहा कि 20 अप्रैल तक “गांव चलो-बस्ती चलो” अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर भाजपा की नीतियों और ‘पंचतीर्थ’ स्थलों की जानकारी देंगे। आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा चुनावी मोड में रहती है और नगर निकाय चुनावों के लिए व्यापक रणनीति तैयार कर ली गई है। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों के चुनावों में भाजपा की सरकार बनने का दावा भी किया।
कांग्रेस पर निशाना
प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और उनके नेता “बेतुकी बातें” कर रहे हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया।
किसानों पर बोले कृष्ण बेदी
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि गेहूं की खरीद और भुगतान की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है और ‘जे’ फॉर्म कटने के 48 घंटे के भीतर किसानों के खातों में भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में 24 फसलें MSP पर खरीदी जा रही हैं और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं। बेदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों को नहीं बल्कि कांग्रेस को परेशानी हो रही है।
बैठक के खास बिंदु
4706 शक्ति केंद्रों पर 21-22 अप्रैल को बैठकें
20,629 बूथों पर मनाया गया BJP का स्थापना दिवस
13-14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर विशेष कार्यक्रम
“गांव चलो-बस्ती चलो” अभियान 20 अप्रैल तक
निकाय चुनावों के लिए BJP ने बनाई रणनीति
किसानों को 48 घंटे में भुगतान का दावा
हरियाणा में 24 फसलें MSP पर खरीद
-------------