अर्जेंटीना में संग्राम सिंह का जलवा, MMA जीतने वाले पहले भारतीय; 1 मिनट 45 सेकंड में रचा इतिहास

फ्रांस के फ्लोरियन काउडियर को हराकर जीत की हैट्रिक पूरी, कुश्ती के दांव-पेंच बने जीत की कुंजी

 7
अर्जेंटीना में संग्राम सिंह का जलवा, MMA जीतने वाले पहले भारतीय; 1 मिनट 45 सेकंड में रचा इतिहास

अर्जेंटीना में संग्राम सिंह का जलवा, MMA जीतने वाले पहले भारतीय; 1 मिनट 45 सेकंड में रचा इतिहास

- फ्रांस के फ्लोरियन काउडियर को हराकर जीत की हैट्रिक पूरी, कुश्ती के दांव-पेंच बने जीत की कुंजी

ओपी वशिष्ठ, रोहतक :

रोहतक के गांव मदीना निवासी संग्राम सिंह ने एक बार फिर विदेशी धरती पर इतिहास रच दिया। अर्जेंटीना में MMA फाइट जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने फ्रांस के फाइटर Florian Caudier को ब्यूनस आयर्स के टिगरे स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में महज एक मिनट 45 सेकेंड में हराकर यह उपलब्धि हासिल की।

इस जीत के साथ संग्राम सिंह ने MMA में लगातार तीसरी जीत दर्ज कर अपनी जीत की हैट्रिक भी पूरी कर ली। इससे पहले वह जॉर्जिया और नीदरलैंड में भी मुकाबले जीत चुके हैं। इस मुकाबले में उनके कुश्ती के दांव-पेंच निर्णायक साबित हुए।

मुकाबले की शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। फ्लोरियन ने तेज़ी से किक और पंच के जरिए दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन संग्राम ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए उनकी किक को पकड़कर उन्हें नीचे गिरा दिया। इसके बाद उन्होंने लेग अटैक और चोक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए मुकाबले को अपने पक्ष में कर लिया। रेफरी के तीन बार पूछने पर फ्लोरियन को हार माननी पड़ी।

पैशन की नहीं होती कोई उम्र

जीत के बाद संग्राम सिंह ने कहा कि उनके लिए जीत और हार से ज्यादा सीखना मायने रखता है। उन्होंने कहा, “पैशन की कोई उम्र नहीं होती। सपना था कि अर्जेंटीना में जीत दर्ज करने वाला पहला भारतीय बनूं, जो आज पूरा हुआ।” उन्होंने अपने कोच भूपेश और सपोर्ट स्टाफ का विशेष आभार जताया, जो पिछले 25 वर्षों से उनके साथ जुड़े हैं।

वजन कम करने के लिए अपनाया सख्त अनुशासन

फिट इंडिया मूवमेंट के ब्रांड एम्बेसडर संग्राम सिंह ने बताया कि इस मुकाबले से पहले उन्हें वजन कम करने में भी कड़ी मेहनत करनी पड़ी। फाइट से दो दिन पहले उनका वजन तय सीमा से अधिक था, जिसे नियंत्रित करने के लिए उन्होंने सख्त अनुशासन अपनाया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय योग, प्राणायाम और मानसिक संतुलन को देते हुए युवाओं से भी अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

-------------