PGIMS के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों पर जांच की तलवार, गड़बड़ी मिली तो होगी FIR

- मंत्री कृष्ण लाल पंवार के निर्देश पर कमेटी गठित; 16 में से 12 शिकायतों का मौके पर निपटारा, बाकी मामलों की जांच जारी

 9
PGIMS के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों पर जांच की तलवार, गड़बड़ी मिली तो होगी FIR

PGIMS के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों पर जांच की तलवार, गड़बड़ी मिली तो होगी FIR

- मंत्री कृष्ण लाल पंवार के निर्देश पर कमेटी गठित; 16 में से 12 शिकायतों का मौके पर निपटारा, बाकी मामलों की जांच जारी

ओपी वशिष्ठ, रोहतक :

हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पीजीआइएमएस रोहतक PGIMS Rohtak द्वारा पिछले एक वर्ष में जारी जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों की जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जाएगी।

यह निर्देश उन्होंने जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए हॉल में आयोजित जिला लोक सम्पर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक में कुल 16 शिकायतें एजेंडे में शामिल थीं, जिनमें से 12 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि 4 मामलों में जांच कमेटियां गठित की गई हैं।

मंत्री ने फतेहपुर कॉलोनी की एक महिला की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अतिरिक्त उपायुक्त, सिविल सर्जन और पीजीआईएमएस के चिकित्सा अधीक्षक को शामिल करते हुए तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाने के निर्देश दिए। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पति की मृत्यु के दो साल बाद भी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया।

बैठक के दौरान अन्य मामलों में भी सख्त निर्देश दिए गए। शिव विहार में अवैध रूप से बने सेप्टिक टैंक को हटाने, कटेसरा गांव में भूमि निशानदेही के लिए कमेटी गठित करने और बहुअकबरपुर में पंचायती भूमि पर कब्जे के मामले में कार्रवाई के आदेश दिए गए। वहीं सैनिक कॉलोनी में एक फैक्ट्री द्वारा नियमों के उल्लंघन की जांच के लिए भी कमेटी बनाई गई।

रेलवे से जुड़े मुद्दों पर भी मंत्री ने निर्देश देते हुए नगर निगम को डबल फाटक अंडरपास की जिम्मेदारी सौंपने की प्रक्रिया तेज करने को कहा। इसके अलावा कलानौर क्षेत्र में रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज निर्माण की संभावनाएं तलाशने के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की गई है।

जलभराव, पेयजल आपूर्ति और बिजली पोल शिफ्टिंग जैसे मुद्दों पर संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। खेड़ी साध क्षेत्र में स्थायी कर्मचारी तैनात कर पेयजल व्यवस्था सुधारने को कहा गया।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सत्ता और विपक्ष दोनों के विधायकों को समान रूप से विकास कार्यों के लिए फंड उपलब्ध करा रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने पिछली सरकारों की तुलना में गरीबों को अधिक प्लॉट दिए हैं और सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं।

-------------

ओपी वशिष्ठ