प्रदेश में 6 अप्रैल से स्थापना दिवस कार्यक्रम, 7–12 अप्रैल तक ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान
- बूथ स्तर तक पहुंचेगा संगठन, 15–20 अप्रैल तक अंबेडकर विचार प्रसार अभियान; कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश
प्रदेश में 6 अप्रैल से स्थापना दिवस कार्यक्रम, 7–12 अप्रैल तक ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान
- बूथ स्तर तक पहुंचेगा संगठन, 15–20 अप्रैल तक अंबेडकर विचार प्रसार अभियान; कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
हरियाणा में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय करने के लिए भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश स्तरीय बैठक रोहतक स्थित पार्टी कार्यालय मंगल कमल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने की। बैठक में प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री एवं मंत्री कृष्ण बेदी, प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता और सुरेंद्र पूनिया सहित 27 जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
स्थापना दिवस और अभियान की रूपरेखा
प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि छह अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस पूरे प्रदेश में बूथ स्तर पर मनाया जाएगा। इस अवसर पर कार्यकर्ता अपने घरों पर पार्टी का झंडा लगाएंगे। उन्होंने कहा कि 7 से 12 अप्रैल तक ‘गांव चलो, बस्ती चलो’ अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत कार्यकर्ता केंद्र में नरेन्द्र मोदी और हरियाणा में नायब सिंह सैनी सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता से सीधा संवाद करेंगे।
प्रशिक्षण और संगठन विस्तार पर जोर
बैठक में चल रहे दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान की समीक्षा भी की गई। बताया गया कि प्रदेश के 377 मंडलों में से 354 में प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। 15 अप्रैल से 15 मई तक सभी जिलों में 36 घंटे का महाप्रशिक्षण अभियान चलाया जाएगा।
अंबेडकर जयंती पर विशेष कार्यक्रम
14 अप्रैल को डा. बीआर आंबेडकर जयंती के अवसर पर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
13 अप्रैल को अंबेडकर प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान और दीपोत्सव
14 अप्रैल को गोष्ठियां और कार्यक्रम
15 से 20 अप्रैल तक बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान
सरकार की उपलब्धियों पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि हरियाणा में नायब सिंह सैनी सरकार जनहित में कार्य कर रही है और संकल्प पत्र के 70 वादे पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित की जा रही है।
वैश्विक हालात का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कई देशों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ी हैं, जबकि भारत में कीमतों को नियंत्रित रखा गया है और छूट भी दी गई है।
विपक्ष पर निशाना
प्रभारी सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति झूठ और भ्रम पर आधारित है, जबकि भाजपा सेवा भाव और विकास के एजेंडे पर काम कर रही है।
वहीं, मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि जनता का भरोसा Narendra Modi के नेतृत्व में बना हुआ है और विपक्ष के बहकावे में लोग नहीं आएंगे।
संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
-------------