केन्द्रीय बजट में हरियाणा को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है: दीपेन्द्र हुड्डा

GST और टोल से सबसे अधिक योगदान, बदले में सबसे कम हिस्सेदारी; यूपीए दौर की मंजूर परियोजनाएं भी ठंडे बस्ते में

 16
केन्द्रीय बजट में हरियाणा को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है: दीपेन्द्र हुड्डा

केन्द्रीय बजट में हरियाणा को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है: दीपेन्द्र हुड्डा

- GST और टोल से सबसे अधिक योगदान, बदले में सबसे कम हिस्सेदारी; यूपीए दौर की मंजूर परियोजनाएं भी ठंडे बस्ते में

टीएचटी न्यूज, रोहतक ।

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने केन्द्रीय बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि पिछले 12 वर्षों से हर बार बजट में हरियाणा को मायूसी ही हाथ लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बार भी केन्द्रीय बजट में हरियाणा के साथ सबसे अधिक सौतेला व्यवहार किया गया है। उन्होंने कहा कि देश में अगर किसी राज्य को योजनागत और वित्तीय स्तर पर लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, तो वह हरियाणा है।

दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार हरियाणा से देश में सबसे अधिक जीएसटी कलेक्शन और टोल टैक्स वसूली कर रही है, लेकिन बदले में बजट आवंटन के नाम पर हिस्सेदारी लगभग शून्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार हरियाणा से टैक्स के रूप में 7 रुपये वसूलती है और बदले में सिर्फ 1 रुपया देती है, जो पूरे देश में सबसे कम है।

सांसद ने कहा कि इस बजट में हरियाणा को कोई नई बड़ी परियोजना देना तो दूर, बल्कि यूपीए सरकार के दौरान स्वीकृत की गई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए भी कोई बजटीय प्रावधान नहीं किया गया। इनमें इंटरनेशनल एयरपोर्ट, रेल कोच फैक्ट्री, बाढ़सा एम्स-2 परिसर में मंजूर 10 संस्थान और डिफेंस यूनिवर्सिटी जैसी अहम परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारें मिलकर हरियाणा के हकों को लगातार नजरअंदाज कर रही हैं।

दीपेन्द्र हुड्डा ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि देश में कुल जीएसटी कलेक्शन का 7.10 प्रतिशत हिस्सा हरियाणा से आता है, लेकिन राज्य को केवल 1.009 प्रतिशत ही वापस मिलता है। इसी तरह टोल टैक्स वसूली में भी हरियाणा देश में सबसे आगे है। उन्होंने बताया कि जहां राष्ट्रीय स्तर पर दो टोल प्लाजा के बीच औसत दूरी 60 किलोमीटर तय है, वहीं हरियाणा में यह औसतन केवल 45 किलोमीटर है। इसकी तुलना में गुजरात में 200 किलोमीटर, केरल में 223 किलोमीटर और राजस्थान में 100 किलोमीटर की दूरी है। प्रति किलोमीटर टोल कलेक्शन भी हरियाणा में सबसे ज्यादा है।

इससे पहले सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने महान स्वतंत्रता सेनानी चौ. रणबीर सिंह हुड्डा की पुण्यतिथि पर गांव खेड़ी साध स्थित समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि चौ. रणबीर सिंह हुड्डा ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान 8 वर्षों तक ब्रिटिश शासन की 8 अलग-अलग जेलों में कैद रहकर देश की आज़ादी के लिए संघर्ष किया। वे संविधान सभा के सबसे युवा और हरियाणा से एकमात्र सदस्य थे। उन्होंने हमेशा गांवों के विकास, किसानों और गरीबों के अधिकारों के लिए संघर्ष को प्राथमिकता दी।

-----------