बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा का दूसरा चरण 11 नवंबर से शुरू

रोहतक व महम में भी पहुंचेगी

 26
बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा का दूसरा चरण 11 नवंबर से शुरू

बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा का दूसरा चरण 11 नवंबर से शुरू, रोहतक व महम में भी पहुंचेगी

टीएचटी न्यूज, रोहतक

पूर्व सांसद और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के विदेशी मामले विभाग के उपाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा का दूसरा चरण 11 नवंबर से नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र से शुरू होगा। यह यात्रा प्रदेश के चार लोकसभा क्षेत्रों—महेंद्रगढ़-भिवानी, रोहतक, सोनीपत और करनाल—की 13 विधानसभाओं से गुजरेगी। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि क्या रोहतक और झज्जर के हुड्डा खेमे के विधायक इस यात्रा में हिस्सा लेंगे या दूरी बनाए रखेंगे। बृजेंद्र सिंह के लिए यह यात्रा न केवल जनसंपर्क बल्कि कांग्रेस में अपने प्रभाव क्षेत्र के विस्तार का भी प्रयास मानी जा रही है।

यात्रा के मीडिया प्रभारी एडवोकेट अमित काजल ने बताया कि पहले चरण की शुरुआत 5 अक्टूबर को नरवाना के दनौदा गांव में बिनैण खाप के ऐतिहासिक चबूतरे से हुई थी। उस दौरान यात्रा ने सिरसा, सोनीपत, हिसार और कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र की 14 विधानसभाओं में लगभग 500 किलोमीटर का सफर तय किया था। पहले चरण में पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह डूमरखां, सांसद कुमारी सैलजा, विधायक आदित्य सुरजेवाला, विधायक विनेश फौगाट और राजस्थान के सांसद राहुल कस्वां भी शामिल हुए थे।

दूसरे चरण में यात्रा नांगल चौधरी, नारनौल, महेंद्रगढ़, लोहारू, तोशाम, भिवानी, बाढड़ा, चरखी दादरी, कलानौर, महम, गोहाना, बरौदा और इसराना विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इस दौरान बृजेंद्र सिंह आम जनता से संवाद करेंगे और संगठन को मजबूत करने का संदेश देंगे।

राजनीतिक दृष्टि से यह चरण बृजेंद्र सिंह के लिए अहम माना जा रहा है। रोहतक, सोनीपत और झज्जर जिलों में उन्हें भूपेंद्र सिंह हुड्डा के प्रभाव वाली राजनीति में पैठ बनानी होगी। रोहतक और महम में यात्रा का पहुँचना इसलिए खास रहेगा क्योंकि यह हुड्डा समर्थक इलाका माना जाता है। वहीं, सोनीपत, महेंद्रगढ़ और भिवानी में भाजपा के विधायक होने के कारण यहां कांग्रेस की संगठनात्मक चुनौती भी बड़ी है।

-------------------------------