एसीपी डॉ. प्रदीप खत्री को ‘गांधी स्मृति एवं दर्शन सम्मान’ से नवाज़ा गया
- राजघाट स्थित गांधी दर्शन परिसर में हुआ सम्मान समारोह, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को मिला राष्ट्रीय मंच
एसीपी डॉ. प्रदीप खत्री को ‘गांधी स्मृति एवं दर्शन सम्मान’ से नवाज़ा गया
- राजघाट स्थित गांधी दर्शन परिसर में हुआ सम्मान समारोह, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को मिला राष्ट्रीय मंच
टीएचटी न्यूज़ | रोहतक / नई दिल्ली
रोहतक के इस्माइला गांव निवासी एवं बहादुरगढ़ में तैनात एसीपी डॉ. प्रदीप खत्री को उनके अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण के लिए गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति द्वारा प्रतिष्ठित ‘गांधी स्मृति एवं दर्शन सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित राजघाट के गांधी दर्शन परिसर में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में गांधी स्मारक एवं दर्शन समिति के निदेशक संजीत कुमार ने एसीपी डॉ. प्रदीप खत्री को सम्मानित करते हुए कहा कि उनका जीवन और सेवाभाव महात्मा गांधी द्वारा प्रतिपादित सत्य, कर्तव्यनिष्ठा और निर्भयता जैसे मूल्यों का सजीव उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे जांबाज़ अधिकारी न केवल पुलिस बल की गरिमा बढ़ाते हैं, बल्कि समाज और विशेष रूप से युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत भी बनते हैं।
समिति के निदेशक ने अपने संबोधन में कहा कि एसीपी डॉ. प्रदीप खत्री ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए जिस साहस और प्रतिबद्धता का परिचय दिया है, वह गांधीजी के विचारों के अनुरूप है। राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण आज के समय में अत्यंत अनुकरणीय है।
इस अवसर पर वीरता पुरस्कार से सम्मानित एसीपी डॉ. प्रदीप खत्री का उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों द्वारा जोरदार अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने उनकी निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और उत्कृष्ट सेवा के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। समारोह का वातावरण सम्मान, प्रेरणा और राष्ट्रसेवा की भावना से ओतप्रोत दिखाई दिया।
सम्मान ग्रहण करने के बाद एसीपी डॉ. प्रदीप खत्री ने गांधी दर्शन परिसर में महात्मा गांधी के जीवन, विचारों और सिद्धांतों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गांधीजी के सत्य, अहिंसा और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन और सेवा कार्यों में आत्मसात करना उनका निरंतर प्रयास रहा है। उन्होंने इसे प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व बताया।
गौरतलब है कि एसीपी डॉ. प्रदीप खत्री पुलिस सेवा के साथ-साथ कुश्ती के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रहे हैं। इससे पूर्व भी उन्हें ऑनर ऑफ अशोक अवार्ड, राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक और भारत गौरव अवार्ड जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाज़ा जा चुका है। उनका यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि रोहतक और हरियाणा के लिए भी गर्व का विषय है।
------------