गणतंत्र दिवस की तैयारियां राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप हों सुनिश्चित : उपायुक्त सचिन गुप्ता
समारोह स्थल का निरीक्षण, 24 जनवरी को फुल ड्रेस अंतिम पूर्वाभ्यास; ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध
गणतंत्र दिवस की तैयारियां राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप हों सुनिश्चित : उपायुक्त सचिन गुप्ता
- समारोह स्थल का निरीक्षण, 24 जनवरी को फुल ड्रेस अंतिम पूर्वाभ्यास; ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध
टीएचटी न्यूज़ | रोहतक, 23 जनवरी
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की सभी तैयारियां राष्ट्रीय पर्व की गरिमा, अनुशासन और भव्यता के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के लिए 24 जनवरी को निर्धारित कार्यक्रम अनुसार फुल ड्रेस अंतिम पूर्वाभ्यास आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त सचिन गुप्ता शुक्रवार को अधिकारियों के साथ समारोह स्थलों का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने सर्वप्रथम मदवि स्थित राज्य स्तरीय युद्ध स्मारक का दौरा कर वहां चल रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत वे उपमंडलाधीश आशीष कुमार के साथ राजीव गांधी खेल स्टेडियम पहुंचे, जहां 77वें गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने समारोह स्थल पर मंच, परेड निरीक्षण हेतु सीढ़ियों, प्लेटफॉर्म, बैठने की व्यवस्था तथा राष्ट्रीय ध्वज से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि 25 जनवरी तक टेंट, बैकड्रॉप और अन्य सभी अस्थायी ढांचे समय पर पूर्ण कर लिए जाएं। गत वर्षों की भांति मुख्य मंच के पीछे आकर्षक बैकड्रॉप लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए।
सचिन गुप्ता ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागी पूरे जोश और अनुशासन के साथ अपनी प्रस्तुतियां दें। कार्यक्रम निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही आयोजित किए जाएं। उन्होंने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी से झांकियों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि सभी झांकियां भव्य, विषयपरक और आकर्षक हों।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान अति विशिष्ट अतिथियों, अधिकारियों, युद्ध वीरांगनाओं, स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए समुचित बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। समारोह स्थल तक जाने वाले मार्गों पर पेड़ों की ट्रिमिंग और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
24 जनवरी को होगा फुल ड्रेस अंतिम पूर्वाभ्यास
26 जनवरी गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय समारोह के लिए 24 जनवरी को सुबह 10 बजे राजीव गांधी खेल परिसर में फुल ड्रेस अंतिम पूर्वाभ्यास होगा। उपायुक्त सचिन गुप्ता सुबह साढ़े 9 बजे राज्य स्तरीय युद्ध स्मारक पहुंचेंगे, जहां से वे खेल परिसर के लिए रवाना होंगे। वे पूर्वाभ्यास के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड का निरीक्षण करेंगे।
ध्वजारोहण के उपरांत उपायुक्त खुली जीप में सवार होकर परेड में शामिल टुकड़ियों का निरीक्षण करेंगे। परेड कमांडर रविंद्र कुमार, आईपीएस के नेतृत्व में 8 टुकड़ियां भव्य मार्च पास्ट करेंगी, जिनकी सलामी उपायुक्त लेंगे। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के लगभग 1700 विद्यार्थी मास पीटी शो का प्रदर्शन करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति और हरियाणवी संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ होगा।
गणतंत्र दिवस पर ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध
जिलाधीश सचिन गुप्ता ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए 26 जनवरी 2026 को रोहतक नगर निगम क्षेत्र में ड्रोन एवं अन्य मानव रहित उड़न यंत्रों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत ड्रोन, ग्लाइडर, रिमोट कंट्रोल विमान, फ्लाइंग कैमरा, हेलीकैम और एरियल कवरेज उपकरणों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। यह निर्णय समारोह की सुरक्षा, शांति और गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
------------