ओलंपियन बाक्सर एसीपी अखिल कुमार ने डीघल स्टेडियम में युवाओं को किया प्रेरित, खेल के साथ संस्कारों पर दिया जोर

नशामुक्त जीवन, अनुशासन और मेहनत का संदेश; ग्रामीण खिलाड़ियों की प्रतिभा को बताया देश की ताकत

 21
ओलंपियन बाक्सर एसीपी अखिल कुमार ने  डीघल स्टेडियम में युवाओं को किया प्रेरित, खेल के साथ संस्कारों पर दिया जोर

ओलंपियन बाक्सर एसीपी अखिल कुमार ने डीघल स्टेडियम में युवाओं को किया प्रेरित, खेल के साथ संस्कारों पर दिया जोर

- नशामुक्त जीवन, अनुशासन और मेहनत का संदेश; ग्रामीण खिलाड़ियों की प्रतिभा को बताया देश की ताकत

टीएचटी न्यूज, झज्जर:

हरियाणा पुलिस के सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए गांव डीघल के स्टेडियम में एक प्रेरणादायक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ओलंपियन खिलाड़ी एवं एसीपी अखिल कुमार ने शिरकत कर युवाओं और खिलाड़ियों को जीवन में सफलता के मूल मंत्र दिए।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती, जरूरत केवल सही दिशा और मार्गदर्शन की होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को संतुलित खान-पान अपनाने, नियमित अभ्यास करने और अनुशासन में रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि व्यक्तित्व और सोच को भी मजबूत बनाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान अखिल कुमार ने भावुक अंदाज में कहा कि डीघल स्टेडियम की सुविधाओं और वहां अभ्यास करते खिलाड़ियों को देखकर उन्हें अपना बचपन याद आ गया। उन्होंने कहा कि इसी तरह के मैदानों से निकलकर खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचते हैं और यहां मौजूद युवा भी उसी जुनून और समर्पण के साथ आगे बढ़ सकते हैं।

उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियां ही व्यक्ति को मजबूत बनाती हैं और जो खिलाड़ी संघर्ष से नहीं घबराता, वही असली विजेता बनता है। साथ ही उन्होंने बड़ों का सम्मान करने, सकारात्मक सोच बनाए रखने और जीवन में निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।

अखिल कुमार ने विशेष रूप से युवाओं को नशे और अपराध से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि ये बुराइयां उनके सपनों को खत्म कर देती हैं। उन्होंने स्टेडियम में उपलब्ध खेल सुविधाओं—कबड्डी, कुश्ती, हैंडबॉल और बास्केटबॉल—की सराहना करते हुए कहा कि यह वातावरण खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।

इस अवसर पर उन्होंने कोच और खिलाड़ियों से संवाद भी किया। कार्यक्रम में अशोक पहलवान कुश्ती अकादमी डीघल, जय सिंह कोच, ईश्वर पहलवान, बलराज, देव कुमार, अजीत सिंह, गोले पहलवान, कुलदीप, सचिन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

यह कार्यक्रम पुलिस कमिश्नर डा. राजश्री सिंह के नेतृत्व में गांव के गणमान्य व्यक्तियों के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और खिलाड़ियों ने भाग लिया।

----------