शहीद, स्वतंत्रता सेनानी व उनके परिवारों का सम्मान कर रही सरकार : मंत्री कृष्ण लाल पंवार

- आतंकी ठिकाने नष्ट कर भारतीय सेना ने पाकिस्तान को दिया मुंहतोड़ जवाब

 27
शहीद, स्वतंत्रता सेनानी व उनके परिवारों का सम्मान कर रही सरकार : मंत्री कृष्ण लाल पंवार

शहीद, स्वतंत्रता सेनानी व उनके परिवारों का सम्मान कर रही सरकार : मंत्री कृष्ण लाल पंवार

- शहीदों के परिजनों को दी जा रही सरकारी नौकरी व एक करोड़ की अनुग्रह अनुदान राशि

- आतंकी ठिकाने नष्ट कर भारतीय सेना ने पाकिस्तान को दिया मुंहतोड़ जवाब

- शहीदों की बदौलत हम सब आजादी से जी रहे जीवन

टीएचटी न्यूज, रोहतक :

हरियाणा के विकास एवं पंचायत, खनन एवं भूविज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार शहीद, स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिवारों का पूरा मान-सम्मान कर रही है। पंवार गांव भैंसरू खुर्द में शहीद सैनिक स्वतंत्रता सेनानी गौरव स्थल का अनावरण करने के उपरांत कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आयोजित कैबिनेट की मीटिंग में निर्णय लिया गया कि अगर कोई अग्निवीर शहीद हो जाता है तो उसे शहीद का दर्जा दिया जाएगा। परिजनों को एक करोड़ रुपए की अनुग्रह अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहीद परिवारों को दी जाने वाली अनुग्रह अनुदान राशि को बढक़र एक करोड़ रुपए किया था। इसी तर्ज पर हरियाणा सरकार ने शहीद सैनिकों के आश्रितों को मिलने वाली राशि दोगुनी कर दी है। अब सेना और अर्धसैनिक बलों के जवानों और अधिकारियों के शहीद होने पर उनके आश्रितों को एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे। अभी तक 50 लाख रुपये की रकम सरकार दे रही थी। हरियाणा मूल के सभी जवानों के परिजनों को यह राशि दी जाएगी, चाहे वे देश में कहीं पर भी रह रहे हों।

कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वतंत्रता सेनानियों व उनके आश्रितों को दी जाने वाली सम्मान पेंशन की राशि भी 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 40 हजार रुपये कर दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकाने को नष्ट करके उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया है। पहलगाव हमले के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ऐलान कर दिया था कि पाकिस्तान को सबक सिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कश्मीर के पहलगाव में हुए आतंकवादी हमले में 28 भारतीय नागरिकों की जान जाने के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भारत और पाकिस्तान के बीच 1960 में हुए सिंधु जल समझौते को रद्द कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने दो-टूक शब्दों में कहा कि पानी और खून साथ-साथ नहीं चल सकता। उन्होंने कहा कि तत्कालीन अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के दौरान कारगिल के शहीदों को राष्ट्रीय सम्मान के साथ उनके पैतृक स्थान पर अंतिम संस्कार कराया गया। पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी व सरकारी नौकरी दी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने शहीदों के परिवारों की ओर ध्यान नहीं दिया। तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने 1965 व 71 के शहीदों की पहचान की गई और 293 परिवारों को चिन्हित करके उन्हें सरकारी सुविधा देने का कार्य किया गया। ग्रामीणों व गांव के सरपंच की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि गांव के शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों का स्मारक बनाकर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि हम सबको अपने शहीदों को याद करना चाहिए। शहीदों की बदौलत ही हम आजादी के साथ अपना जीवन जी रहे हैं।

सरहदों की सुरक्षा करने वालों का हर जगह हो सम्मान :- सतीश नांदल

- शहीद का सम्मान व पूजा भारतीय संस्कृति का हिस्सा

हरियाणा भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल ने अपने संबोधन ने कहा कि आज देश का नागरिक अथवा देश सुरक्षित है तो इसका प्रमुख श्रेय भारतीय जवानों को है। पहलगाव की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई छूट के बाद भारतीय सेना ने उनके घर में घुसकर पहलगाव की घटना का बदला लिया है। लेकिन इसके बावजूद भी कुछ लोग राष्ट्र से जुड़े मुद्दे को लेकर राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रहे हैं। सतीश नांदल ने कहा कि शहीदों की शहादत के कारण ही देश का हर नागरिक चैन की नींद सोता है। जान की बाजी लगाकर देश की सरहदों की सुरक्षा करने वाले जवान का हर जगह सम्मान होना चाहिए।

शहीदों के नाम से खेतों को जाने वाले 6 रास्ते होंगे पक्के

विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव में सामुदायिक केंद्र बनाने के लिए 21 लाख रुपए की अनुदान राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना के तहत गांव में महिला सांस्कृतिक केंद्र खोला जाएगा और उसमें पूरा सम्मान भी सरकार की ओर से दिया जाएगा। गांव में पंचायत विभाग की ओर से ई-लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। इसके अलावा इंडौर जिम भी बनाया जाएगा। गांव के तालाब का सुधारीकरण भी दिया जाएगा। एक खेत-खलियान शहीद के नाम से गांव के खेतों के छह रास्ते को पक्का किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव के सरपंच पुनीत कुमार व ग्रामीणों द्वारा रखी गई सभी मांगों को पूरा करवाया जाएगा।

शहीद सैनिक स्वतंत्रता सेनानी गौरव स्थल का किया अनावरण :-

- कार्यक्रम में शहीद व स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजनों को किया सम्मानित

मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने इससे पहले गांव में बनाए गए शहीद सैनिक स्वतंत्रता सेनानी गौरव स्थल का अनावरण किया। इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, सतीश नांदल, राम अवतार वाल्मीकि व रणबीर ढाका सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे। मंत्री कृष्ण लाल पंवार व सभी मेहमानों ने गौरव स्थल पर स्थापित श्री रूपचंद (आजाद हिंद फौज), श्री पतराम (आजाद हिंद फौज), श्री सुरेश (नक्सली हमला), श्री दीपचंद (आजाद हिंद फौज), श्री पप्पू (नक्सली हमला), श्री रणवीर (असम उग्रवादी हमला) शहीदों की प्रतिमा पर पुष्पमाल्य अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में शहीद तथा स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजनों को मुख्यातिथि मंत्री कृष्ण लाल पंवार व अन्य मेहमानों ने शॉल व उपहार भेंट कर उनका सम्मान किया।

सभी अतिथियों का पगड़ी पहनाकर व शॉल भेंट कर ग्रामीणों ने किया स्वागत :-

ग्रामीणों ने कार्यक्रम में आए सभी मेहमानों का स्वागत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री कृष्ण लाल पंवार, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका, मेयर रामावतार वाल्मीकि, दीपक हुड्डा सहित सभी मेहमानों को पगड़ी पहनकर व शॉल भेंट कर उनको सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में यह रहे मौजूद :-

पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका, मेयर रामावतार वाल्मीकि, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रदीप कौशिक, जिला सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण कार्यालय रोहतक की कल्याण अधिकारी विंग कमांडर गोरिका, दीपक हुड्डा, डॉ. दिनेश शास्त्री, सुनील फोगाट, सरपंच पुनीत कुमार, मनोज सहरावत, डॉ. अशोक रंगा, खुशीराम हुड्डा, टीनू, ब्लॉक समिति मेंबर नवीन कुमार, महासिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

-----------