भारत वैश्विक मंच पर निर्णय लेने वाली एक महत्वपूर्ण शक्ति बन चुका है : सतीश कुमार
एमडीयू के राजनीति विज्ञान में राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित
भारत वैश्विक मंच पर निर्णय लेने वाली एक महत्वपूर्ण शक्ति बन चुका है : सतीश कुमार
- एमडीयू के राजनीति विज्ञान में राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा आज भारत के बदलते वैश्विक परिप्रेक्ष्य और उभरती हुई अंतरराष्ट्रीय भूमिका पर केंद्रित- राइजिंग इंडिया एंड चेंजिंग वर्ल्ड ऑर्डर विषयक सेमिनार का आयोजन किया गया। स्वराज सदन में आयोजित बुधवार को इस सेमिनार में विशेषज्ञ वक्ताओं ने वैश्विक राजनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक परिवर्तनों की पृष्ठभूमि में भारत की उभरती भूमिका पर गहन विचार-विमर्श किया।
इस राष्ट्रीय सेमिनार का शुभारंभ स्वदेशी जागरण मंच, आरके पुरम, नई दिल्ली के आर्थिक विश्लेषक सतीश कुमार ने बतौर मुख्यातिथि किया। अपने प्रभावी संबोधन में मुख्य अतिथि सतीश कुमार ने कहा कि भारत दुनिया में तेजी से उभर रहा है। उन्होंने कहा कि आज का भारत केवल उभरती अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि वैश्विक मंच पर निर्णय लेने वाली एक महत्वपूर्ण शक्ति बन चुका है। उन्होंने भारत को मजबूत बनाने के लिए स्वदेशी अपनाने पर जोर देने की बात कही।
एमडीयू कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि भारत अब केवल विकासशील देश नहीं, बल्कि वैश्विक शक्ति संतुलन में एक निर्णायक भूमिका निभा रहा है। हमें इस नए विश्व व्यवस्था में भारत की स्थिति को समझते हुए सक्रिय नीतिगत भागीदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि आज भारत को स्किल्ड यूथ की जरूरत है और एनईपी 2020 इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
बाबा मस्तनाथ विवि के पूर्व कुलपति प्रो. आर. एस. यादव ने बतौर की नोट स्पीकर व्याख्यान देते हुए कहा कि विश्व व्यवस्था में निरंतर हो रहे बदलावों के बीच भारत की स्थिति और रणनीति को समझना आज समय की आवश्यकता है। उन्होंने भारत की अंतरराष्ट्रीय भूमिका, रणनीतिक सोच और वैश्विक नीतियों में सक्रिय भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया।
पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो. हरीश कुमार बतौर गेस्ट ऑफ ऑनर कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आज भारत बुलंदी के पायदान पर खड़ा है। दुनिया आज भारत की तरफ विश्वास से देख रही है। उन्होंने विकसित देशों के अनुरूप भारत के सूचना प्रवाह को मजबूत करने की दिशा में बल देने की बात कही।
राजनीति विज्ञान विभाग के प्राध्यापक एवं सेमिनार के संयोजक डा. प्रदीप कुमार ने प्रारंभ में स्वागत भाषण दिया। डा. ज्योति ने सेमिनार की विषयवस्तु पर प्रकाश डाला। आभार प्रदर्शन राजनीति विज्ञान विभाग की अध्यक्षा डॉ. ममता रानी ने किया। प्राध्यापिका डा. निशा मोहन ने आयोजन सहयोग दिया तथा छात्रा खुशबू ने मंच संचालन किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों एवं संबद्ध महाविद्यालयों के प्राध्यापक, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं स्वदेशी जागरण मंच के सदस्यगण उपस्थित रहे।
--------------