रेहड़ी वालों को पूरी रात थाने में रखा
रेहड़ी वालों को पूरी रात थाने में रखा
- एसपी से मिले माडल टाउन ट्रेडर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
बजरंग भवन से पावर हाउस चौक पर पुलिस ने सोमवार रात को विशेष अभियान चलाकर रेहड़ी व ठेले वालों के हिरासत में लिया। 20 से अधिक लोगों को पूरी रात थाने में रखा। मंगलवार सुबह माडल टाउन ट्रेडर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया से मुलाकात की और गरीब ठेले वालों को रिहा करने की मांग की। इससे पहले मॉडल टाउन ट्रेडर्स एसोसिएशन की एक आपातकालीन बैठक अजय गारमेंट्स प्रतिष्ठान पर हुई। प्रधान अजय धनखड़ ने बताया कि कल रात 11:30 बजे पावर हाउस चौक से लेकर बजरंग भवन फाटक तक 23 की संख्या में खाने के ठेले लगाने वाले एवं दुकानदार व्यापारियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर पुलिस थाने में रखा गया। उन्हें न केवल पूरी रात पुलिस थाने में रखा गया, अपितु सुबह भी थाने से रिहा नहीं किया गया। वजह पूछने पर बताया गया कि रात 11:15 बजे के बाद कोई भी अपना प्रतिष्ठान नहीं खोल सकता।
कांग्रेस विधायक से किया व्यापारियों ने संपर्क
प्रधान अजय धनखड़ ने बताया कि पीजीआई थाना प्रभारी द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर, कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा से मुलाकात की। विधायक ने तुरंत पुलिस अधीक्षक से संपर्क करके 11:00 बजे मिलने का समय दिया। पुलिस अधीक्षक ने आगे ऐसा न करने की चेतावनी देते हुए सभी को रिहा करने का आदेश जारी किया, इसके बाद सभी व्यापारियों को रिहा किया गया। माडल टाउन ट्रेडर्स एसोसिएशन प्रशासन से यह पूछना चाहता है कि क्या यह नियम सिर्फ माडल टाउन बाजार पर लागू है। इसके अलावा मॉडल टाउन ट्रेडर्स एसोसिएशन प्रशासन के इस बर्ताव की कठोर से कठोर शब्दों में निंदा करता है, पूरी रात थाने में रखना उसके बाद सुबह भी रिहा नहीं करना, वह व्यापारी भाई कोई गुनाह नहीं कर रहे थे, केवल अपनी रोजी-रोटी के लिए कार्य कर रहे थे। सरकार से निवेदन है कि मामले में हस्तक्षेप कर इस तरह की कार्यवाही से व्यापारियों को सुरक्षित रखा जाए एवं सुख शांति से उन्हें अपना व्यापार करने दिया जाए। प्रतिनिधि मंडल में संगठन के प्रधान अजय धनखड़ , लवलीन टुटेजा, राघव देव महाराज एवं व्यापारियों के परिवारजन मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
----------------