महम हलका लोकतंत्र का प्रहरी रहा है : सुनील सांगवान
महम हलका लोकतंत्र का प्रहरी रहा है : सुनील सांगवान
- भाजपा इंचार्ज बनने के बाद पहली बार महम पहुंचे विधायक सुनील सांगवान
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
रोहतक/महम। दादरी विधायक सुनील सांगवान को भाजपा ने महम हलके का इंचार्ज नियुक्त किया है। इस जिम्मेदारी के बाद वे पहली बार महम पहुंचे। यहां ऐतिहासिक चबूतरे पर दीप जलाकर नमन किया। भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
कांग्रेस पर साधा निशाना
सांगवान ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर हमला बोलते हुए कहा कि किसी का भी गढ़ स्थायी नहीं होता। लोकतंत्र में गढ़ टूटते रहते हैं और जनता भाजपा की नीतियों से संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि जैसे दादरी में पहली बार कमल खिला, वैसे ही महम सहित रोहतक लोकसभा के 8 हलकों में भाजपा का कमल खिलेगा।
महम हलका लोकतंत्र का प्रहरी
उन्होंने कहा कि महम हलका हमेशा से लोकतंत्र का प्रहरी रहा है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा के इतिहास में पहली बार मजबूत विपक्ष होने के बावजूद नेता प्रतिपक्ष नहीं है, जो कांग्रेस की स्थिति को दर्शाता है।
नई टीम और विकास का आश्वासन
विधायक ने कहा कि वे सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे और नए कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करेंगे। महम क्षेत्र के विकास के लिए बजट दिलवाने का भी आश्वासन दिया।
मनीषा प्रकरण पर बयान
भिवानी की शिक्षिका मनीषा प्रकरण पर बोलते हुए सांगवान ने कहा कि सरकार ने परिजनों की सभी मांगें मान ली हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मामले की सीबीआई जांच की घोषणा कर दी है। साथ ही पोस्टमॉर्टम एम्स से कराने की मांग भी स्वीकार कर ली गई है।
गौशालाओं को दिए गए चेक
महम क्षेत्र की गौशालाओं को हरियाणा सरकार की ओर से चारा व अन्य सुविधाओं के लिए ग्रांट उपलब्ध करवाई गई। सांगवान ने श्री कृष्ण गोशाला महम को 37.43 लाख, बैंसी गोशाला को 15.57 लाख, मोखरा गोशाला को 11.80 लाख और सामड गोशाला को 9.01 लाख रुपये के चेक वितरित किए।
कार्यकर्ताओं की मीटिंग
इसके अलावा सांगवान ने महम, सैमान और मोखरा गांवों में मंडल अध्यक्षों के निवास पर कार्यकर्ताओं की बैठकें कर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
-------------