मुख्य चुनाव आयुक्त बीजेपी के सबसे बड़े ‘पन्ना प्रमुख’ हैं – दीपेन्द्र हुड्डा का भाजपा पर सीधा हमला
- वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद ने गंभीर आरोप
मुख्य चुनाव आयुक्त बीजेपी के सबसे बड़े ‘पन्ना प्रमुख’ हैं – दीपेन्द्र हुड्डा का भाजपा पर सीधा हमला
- वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद ने गंभीर आरोप
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
हरियाणा में कथित वोट चोरी विवाद को लेकर कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि “अब ये बात शीशे की तरह साफ हो चुकी है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, बीजेपी के सबसे बड़े पन्ना प्रमुख हैं।”
हुड्डा ने कहा कि जैसे-जैसे हरियाणा में वोट चोरी की परतें खुल रही हैं, वैसे-वैसे यह साबित हो रहा है कि भाजपा ने जनमत की चोरी करके सरकार बनाई। “हरियाणा की जनता कांग्रेस की सरकार बनाना चाहती थी, लेकिन बीजेपी ने चुनाव आयोग से मिलकर जनादेश चुरा लिया,” उन्होंने कहा।
सांसद के मुताबिक, विधानसभा चुनाव के दौरान सभी एक्ज़िट पोल, मीडिया रिपोर्ट्स, और यहां तक कि भाजपा के अंदरूनी सर्वे भी कांग्रेस के पक्ष में थे। “जब नतीजे आए और भाजपा ने सरकार बनाई, तो पूरा हरियाणा हैरान रह गया,” हुड्डा बोले।
उन्होंने सवाल उठाया कि, “जो कांग्रेस बैलेट पेपर गिनती में 76 सीटों पर आगे थी, वह ईवीएम खुलने के बाद सिर्फ़ 37 सीटों पर कैसे रह गई? यह वोट चोरी नहीं, सत्ता चोरी है।” हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में पिछले पांच चुनावों में बैलेट वोट के रुझान ही सरकार तय करते थे, लेकिन इस बार स्थिति उलट थी — “यानी कुछ न कुछ गड़बड़ ज़रूर हुई है।”
उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी के उस बयान का भी हवाला दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि “सारी व्यवस्था है।” हुड्डा ने इसे “राजनीतिक हस्तक्षेप और जनादेश के अपहरण का प्रमाण” बताया।
दीपेन्द्र हुड्डा ने आगे कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया खुलासे से यह भी स्पष्ट हुआ है कि हरियाणा में हज़ारों मतदाताओं के नाम हरियाणा और उत्तर प्रदेश दोनों जगह दर्ज हैं, जिनमें कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं।
उन्होंने कहा, “जब असली मतदाता वोट नहीं डाल पाएंगे और नकली वोट पड़ेंगे, तो लोकतंत्र का अर्थ ही खत्म हो जाएगा। कांग्रेस पार्टी सड़क से संसद तक इन वोट चोरों के खिलाफ आवाज उठाएगी।”
हुड्डा ने दावा किया कि भाजपा ने जनभावना नहीं, बल्कि वोटों की हेराफेरी से सत्ता हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की आत्मा की रक्षा के लिए है।
...................................