रोहतक की 6 ग्राम पंचायतें होंगी सम्मानित, भारत मंडपम में मिलेगा एक-एक लाख का पुरस्कार: सचिन गुप्ता
- सुपोषित ग्राम पंचायत अभियान के तहत सिसरौली, करौथा, घुसकानी, पटवापुर, सैम्पल और कसरैंटी का चयन
रोहतक की 6 ग्राम पंचायतें होंगी सम्मानित, भारत मंडपम में मिलेगा एक-एक लाख का पुरस्कार: सचिन गुप्ता
- सुपोषित ग्राम पंचायत अभियान के तहत सिसरौली, करौथा, घुसकानी, पटवापुर, सैम्पल और कसरैंटी का चयन
ओपी वशिष्ठ, रोहतक
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिसंबर 2024 में शुरू किए गए सुपोषित ग्राम पंचायत अभियान के तहत रोहतक जिले की 6 ग्राम पंचायतों को सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत के रूप में चुना गया है। इन पंचायतों को आगामी 2 अप्रैल को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
उपायुक्त सचिन गुप्ता स्थानीय कैंप कार्यालय में महिला एवं बाल विकास विभाग की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि यह अभियान जिले में मार्च 2025 में शुरू किया गया था, जिसमें कुल 17 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया था। इनमें से सिसरौली, करौथा, घुसकानी, पटवापुर, सैम्पल और कसरैंटी पंचायतों को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर चुना गया है।
पोषण और सुविधाओं के आधार पर हुआ चयन
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों में ढांचागत सुविधाओं की स्थिति, समय पर राशन वितरण, पोषण ट्रैकर के आंकड़े, लाभार्थियों के पोषण स्तर में सुधार और समयबद्ध टीकाकरण जैसे मापदंडों के आधार पर पंचायतों का चयन किया गया।
सैम और मैम बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान
बैठक के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में चिन्हित सैम (Severely Acute Malnourished) और मैम (Moderately Acute Malnourished) बच्चों को स्वस्थ बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं और उन्हें पोषण आहार उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर महिलाओं को संतुलित आहार के बारे में जागरूक किया जाए, ताकि बच्चों के पोषण स्तर में सुधार हो सके।
आंगनवाड़ी केंद्रों में सुविधाएं मिशन मोड में पूरी हों
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जिले के चिन्हित आंगनवाड़ी केंद्रों में पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के कार्य मिशन मोड में पूरे किए जाएं। इसके साथ ही उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में सोलर पैनल लगाने के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि जिले की पंचायतों के सभी सरकारी भवनों पर सोलर पैनल लगाने के लिए भी प्रस्ताव तैयार किए जाएं।
महिलाओं और किशोरियों को जागरूक करने पर जोर
उपायुक्त ने अधिकारियों को वन स्टॉप सेंटर के बारे में महिलाओं को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अगस्त 2025 से अब तक 5 बच्चों को गोद दिया गया है, जबकि 3 बच्चों को प्री-अडॉप्शन प्रक्रिया के तहत गोद देने की प्रक्रिया जारी है।
इसके अलावा विभाग द्वारा डिजिटल सखी कार्यक्रम के तहत महिलाओं को ऑनलाइन साइबर सुरक्षा के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को किशोरियों को सैनिटरी पैड के उपयोग और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
9 बाल विवाह रुकवाए गए
जिले में महिला संरक्षण अधिकारी के नेतृत्व में 9 बाल विवाह रुकवाए गए, जबकि पॉक्सो एक्ट और घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी कुलदीप सिंह, महिला संरक्षण अधिकारी करमिंद्र कौर, सीडीपीओ मंजू यादव, शालिनी सहित विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
-------------