एमडीयू-सीपीएएस की छात्रा सोनाली चौहान ने पहले ही प्रयास में पास की गुजरात न्यायिक सेवा परीक्षा, ऑल इंडिया रैंक 52 हासिल
- एलएलएम की छात्रा ने पहले प्रयास में पाई सफलता; निदेशक प्रो. प्रदीप के. अहलावत बोले—संस्थान और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि
एमडीयू-सीपीएएस की छात्रा सोनाली चौहान ने पहले ही प्रयास में पास की गुजरात न्यायिक सेवा परीक्षा, ऑल इंडिया रैंक 52 हासिल
- एलएलएम की छात्रा ने पहले प्रयास में पाई सफलता; निदेशक प्रो. प्रदीप के. अहलावत बोले—संस्थान और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि
टीएचटी न्यूज, रोहतक:
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के सेंटर फॉर प्रोफेशनल एंड एलाइड स्टडीज़ (सीपीएएस) की एलएलएम की छात्रा सोनाली चौहान ने अपने पहले ही प्रयास में गुजरात न्यायिक सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर संस्थान का नाम रोशन किया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 52 हासिल की है।
सोनाली की इस सफलता पर एमडीयू-सीपीएएस के निदेशक प्रो. प्रदीप के. अहलावत ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए गौरव की बात है, बल्कि यहां अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि सोनाली की सफलता संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता, समर्पित शिक्षकों और विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण है।
प्रो. अहलावत ने बताया कि सीपीएएस विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, जिससे छात्र-छात्राएं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे हैं।
उन्होंने लॉ कोऑर्डिनेटर डॉ. वीरेंद्र सिंधु और विधि विभाग के सभी शिक्षकों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोग से ही विद्यार्थी इस प्रकार की उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर पा रहे हैं।
एमडीयू-सीपीएएस परिवार की ओर से सोनाली चौहान को इस सफलता पर शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। संस्थान ने विश्वास जताया कि वे न्यायिक सेवा में रहते हुए न्याय, ईमानदारी और समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
-------------