विकसित भारत @2047 के निर्माण में शिक्षकों-कर्मचारियों की अहम भूमिका: कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा
एमडीयू में पदोन्नत शिक्षकों व कर्मचारियों का अभिनंदन, उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और सकारात्मक सोच पर दिया जोर
- एमडीयू में पदोन्नत शिक्षकों व कर्मचारियों का अभिनंदन, उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और सकारात्मक सोच पर दिया जोर
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ विजन को साकार करने में शिक्षकों और कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह बात महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने पदोन्नत शिक्षकों एवं कर्मचारियों के अभिनंदन समारोह में कही।
आईएचटीएम संस्थान में आयोजित इस कार्यक्रम में करियर एडवांसमेंट स्कीम (CAS) एवं विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) के तहत हाल ही में पदोन्नत हुए शिक्षकों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कुलपति प्रो. सचदेवा ने कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय की प्रगति और संस्थागत विकास का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता ही किसी भी विश्वविद्यालय की वास्तविक शक्ति होती है, और यही शक्ति देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे अपने कार्यों में उत्कृष्टता लाने के लिए निरंतर प्रयास करें और सकारात्मक सोच के साथ संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान दें।
कार्यक्रम की शुरुआत डीन एकेडमिक प्रो. एस.सी. मलिक के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने पदोन्नत कर्मियों की उपलब्धियों की सराहना की। कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत ने विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कर्मचारियों के हितों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।
आईएचटीएम के निदेशक प्रो. संदीप मलिक ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर विभिन्न संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रधान सुरेश कौशिक और उनकी टीम ने कुलपति का आभार व्यक्त करते हुए पदोन्नति प्रक्रिया के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम का समापन सकारात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जहां सभी ने विश्वविद्यालय और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
------------