भाजपा सेवा भाव से सत्ता में आई, जबकि झूठ से सत्ता पाना चाहती है कांग्रेस : डा. सतीश पूनिया
सेवा पखवाड़ा भाजपा की नीतियों का दर्पण : डा. सतीश पूनिया
भाजपा सेवा भाव से सत्ता में आई, जबकि झूठ से सत्ता पाना चाहती है कांग्रेस : डा. सतीश पूनिया
सेवा पखवाड़ा भाजपा की नीतियों का दर्पण : डा. सतीश पूनिया
नरेश बंसल, डा. सतीश पूनिया और पंडित बड़ौली ने सेवा पखवाड़ा की कार्य योजनाओं को बारीकी से कार्यकर्ताओं को समझाया
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक भाजपा द्वारा आयोजित किए जाने वाले सेवा पखवाड़ा की तैयारियां चल रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को रोहतक स्थित भाजपा कार्यालय मंगल कमल में कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में सेवा पखवाड़ा को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई और एक-एक कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यशाला की अध्यक्षता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल ने की। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, सेवा पखवाड़ा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल, संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा और दोनों प्रदेश महामंत्री डा.अर्चना गुप्ता व सुरेंद्र पूनिया,पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, सेवा पखवाड़ा के प्रदेश संयोजक विधायक योगेंद्र राणा मौजूद रहे।
कार्यशाला में भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने सेवा पखवाड़ा को सीधा कार्यकर्ताओं को जनता से जुड़ने और पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा भाजपा की नीतियों का दर्पण है। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कार्यशाला में कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। भाजपा के कार्यक्रम भाजपा के जो विचार है, कार्यपद्धति है उसके प्रतिबिंब है। हमारे कार्यकर्ता जनता के संपर्क में रहते हुए कार्य करते हैं। वहीं सेवा पखवाड़ा के प्रदेश प्रभारी नरेश बंसल ने कार्यशाला में सेवा पखवाड़ा के दौरान होने वाली हर गतिविधि की जानकारी दी।
भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कहा कि भाजपा की एक पहचान है जो कहा वह किया। उन्होंने कहा कि राजनीति में अक्सर कथनी और करनी में भेद की चर्चा होती है, लेकिन मोदी सरकार की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है। जनसंघ से भाजपा तक की इस विराट यात्रा में भाजपा की यही साख है कि हमने कहा वह करके दिखाया। डा. पूनिया ने कहा कि पीएम मोदी देश के तबके को ध्यान में रखकर जिन बातों का उल्लेख करते हैं उसे पूरा अवश्य करते हैं।
डा. पूनिया ने कहा कि पीएम मोदी ने देश के बुनियादी सुधार से लेकर बदलाव तक किए हैं। मोदी सरकार में महिलाओं का जीवन बदला, सुरक्षा, सम्मान और ताकत मिली। पहले प्रधानमंत्री के नाम पर आवास की घोषणा होती थी, लेकिन ना छत होती थी ना खिड़की और ना दरवाजे होते थे। मोदी सरकार ने आवास देकर छत दी, जनधन खाता से गरीबों के जीवन को बदला। जीएसटी रिफार्म हुआ जिसका फायदा आम आदमी को मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सेवा भाव से सत्ता में आई, लेकिन कांग्रेस पार्टी झूठ से सत्ता पाने का सपना देख रही है।
कार्यशाला के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए डा. सतीश पूनिया ने कहा कि राहुल गांधी की बात कितने भरोसे की होती है देश अच्छी तरह से जानता है। राहुल के बयानों से देश नहीं चलता। राहुल के परिवार को जनता ने 55 साल दिए, लेकिन कांग्रेस पार्टी रिफार्म करने का साहस नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का विरोध करना ही कांग्रेस नेताओं की सोच बन चुकी है। कांग्रेस ने जनहित की नीतियां लागू करने की बजाए वोट बैंक की राजनीति की है।
डा. सतीश पूनिया ने कहा कि जनता की मांग और सुझाव पर मोदी सरकार ने जीएसटी रिफार्म किया है। किसानों, विद्यार्थियों, छोटे उद्योगों व आम आदमी को बड़ा फायदा मिलेगा। दवाईयों व किसानों की जरूरतों के सामानों पर जीएसटी कम होगी तो किसान मजबूत होगा वहीं गरीबों को सस्ती दवाईयां उपलब्ध होगी जिससे वह आसानी से अपना इलाज करा सके। उन्होंने कहा कि लिमिट समय में विरासत में मिली चीजों का बदलना मुश्किल होता है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी ने जिन योजनाओं की शुरूआत की थी उन्हें पीएम मोदी ने धरातल पर उतारा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक होने वाले कार्यक्रमों में मोदी और नायब सरकार का प्रचार प्रसार भी करें। श्री बड़ौली ने कहा कि यह अभियान पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करेगा। कार्यकर्ताओं को सामाजिक सरोकार से जोड़ने और जनता तक सीधा पहुंचने का यह एक बड़ा अवसर होगा।
सेवा पखवाड़ा अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाना है : नरेश बंसल
राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष एवं सेवा पखवाड़ा अभियान के प्रदेश प्रभारी नरेश बंसल ने कहा कि सेवा पखवाड़ा अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के जन्म दिन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक भाजपा सेवा पखवाड़ा चलाएगी। 17 सितंबर को जिला व मंडल स्तर पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। पीएम मोदी 17 सितंबर को 75 वर्ष के हो रहे हैं, इसलिए भाजपा ने जिला व मंडल स्तर पर 75 युनिट रक्त का लक्ष्य रखा है। 21 सितंबर को मोदी मैराथन का बड़ा आयोजन विधानसभा स्तर पर होगा। स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे। स्वच्छता अभियान चलेगा। पीएम मोदी के जीवन और मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर जिला स्तर पर प्रदर्शनियां लगेंगी। सेवा पखवाड़ा के तहत प्रबुद्धजनों के संवाद कार्यक्रम होंगे। 25 सितंबर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती बूथ स्तर पर मनाई जाएगी और एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधे रोपित किए जाएंगे। प्रदेश व जिला स्तर पर दिव्यांग सम्मान समारोह होंगे। प्रदेश में स्तर के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिव्यांगों को कृत्रिम अंग प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता सेवा पखवाड़ा के दौरान सेवा से जुड़े जो भी कार्य हैं उन्हें पूरा करें।
----------------