हरियाणा में बाप-बेटे की खुल चुकी है पोल, भाजपा का भी चेहरा हुआ बेनकाब : अभय सिंह चौटाला
इनेलो सुप्रीमो बोले – जिनका नहीं बचा जनाधार, वही फैला रहे हैं परिवार एकजुट होने का भ्रम, स्वाभिमान के साथ नहीं होगा समझौता
हरियाणा में बाप-बेटे की खुल चुकी है पोल, भाजपा का भी चेहरा हुआ बेनकाब : अभय सिंह चौटाला
-
इनेलो सुप्रीमो बोले – जिनका नहीं बचा जनाधार, वही फैला रहे हैं परिवार एकजुट होने का भ्रम, स्वाभिमान के साथ नहीं होगा समझौता
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
इनेलो सुप्रीमो चौधरी अभय सिंह चौटाला ने रोहतक में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में कांग्रेस, भाजपा और जजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हरियाणा की राजनीति में “बाप-बेटे की पोल” खुल चुकी है और भाजपा का असली चेहरा भी अब जनता के सामने आ गया है। अभय ने कहा कि जिन नेताओं का अब जनता में कोई जनाधार नहीं बचा, वही लोग “परिवार एकजुट होने” का झूठा प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि इनेलो कभी भी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करेगी।
अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो का संगठन मजबूत और सक्रिय है, और ताऊ देवीलाल के जन्मदिवस पर आयोजित सम्मान समारोह में उमड़ा जनसैलाब इसका सबसे बड़ा प्रमाण है। “इस रैली की गूंज पूरे देश में सुनाई दी,” उन्होंने कहा। इनेलो सुप्रीमो ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर गांव में जाकर यह देखें कि खेतों से बरसात का पानी निकला या नहीं और सरकार ने निकासी के क्या इंतजाम किए हैं।
बैठक में इनेलो ने चार प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए और राज्य सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया कि अगर खेतों से पानी नहीं निकाला गया और किसानों को बर्बाद फसलों का मुआवजा नहीं दिया गया तो इनेलो सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
पत्रकारों से बातचीत में अभय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस ने एक राजनीतिक षड्यंत्र के तहत चौधरी ओमप्रकाश चौटाला को जेल भिजवाने का काम किया था, जिसे इनेलो कभी नहीं भूलेगी। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में जजपा ने चौटाला परिवार और जनता दोनों के साथ विश्वासघात कर भाजपा की सरकार बनवाई, इसलिए ऐसे लोगों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।
कांग्रेस द्वारा बार-बार इनेलो को भाजपा की ‘बी टीम’ कहे जाने पर अभय ने पलटवार किया — “अगर भाजपा से हाथ मिलाना होता तो चौधरी ओमप्रकाश चौटाला बहुत पहले जेल से बाहर आ जाते। उन्होंने स्वाभिमान से समझौता नहीं किया और आज इनेलो भी उसी रास्ते पर चल रही है।”
पूर्व मंत्री रणजीत सिंह चौटाला द्वारा परिवार के एकजुट होने के बयान पर अभय ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि “जिन लोगों ने चौधरी देवीलाल की पीठ में छुरा घोंपा और इनेलो को कमजोर करने का काम किया, उनके साथ किसी भी तरह का संबंध नहीं रखा जाएगा।” उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का जनाधार खत्म हो चुका है और वे केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं।
कांग्रेस में हुड्डा और राव नरेन्द्र को लेकर चल रहे विवाद पर भी अभय ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस में पहले से ही कई गुट बने हुए हैं। पार्टी भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और उसके नए प्रदेश अध्यक्ष पर तो सीडी कांड के आरोप भी हैं।”
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के जापान दौरे पर अभय चौटाला ने कटाक्ष करते हुए कहा, “हरियाणा डूब रहा है, किसान परेशान हैं और मुख्यमंत्री विदेश घूम रहे हैं। पहले भी मनोहर लाल और हुड्डा विदेश दौरे पर गए थे, लेकिन कोई निवेश नहीं आया।”
बैठक में इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, युवा विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्ण चौटाला सहित प्रदेशभर के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। माजरा ने कहा कि जनता भाजपा, कांग्रेस और जजपा से ऊब चुकी है और अब इनेलो के पक्ष में लहर चल रही है।
अभय चौटाला ने विश्वास जताया कि इनेलो आने वाले चुनावों में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी और प्रदेश में किसान, मजदूर और आम जनता के हक की लड़ाई जारी रखेगी।