संघर्ष, सेवा और सद्भाव की मिसाल थे चौ. देवीलाल: अभय सिंह चौटाला
112वीं जयंती पर रोहतक में उमड़ा जनसैलाब, विपक्ष पर साधे तीखे वार
संघर्ष, सेवा और सद्भाव की मिसाल थे चौ. देवीलाल: अभय सिंह चौटाला
112वीं जयंती पर रोहतक में उमड़ा जनसैलाब, विपक्ष पर साधे तीखे वार
रैली में नहीं पहुंचे पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, उनके आने की थी चर्चाएं
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने पूर्व उपप्रधानमंत्री चौ. देवीलाल की 112वीं जयंती पर रोहतक की अनाज मंडी में आयोजित सम्मान दिवस रैली में केंद्र और राज्य सरकारों पर तीखे वार किए। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ने जनता को निराश किया है। 2029 के चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर कर कांग्रेस की भी "रांद काटी" जाएगी और किसानों-मजदूरों की सरकार बनाई जाएगी।
रैली में उमड़ी भारी भीड़ ने माहौल को जनसभा की जगह जनशक्ति प्रदर्शन में बदल दिया। इस अवसर पर पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, पूर्व वित्त मंत्री प्रो. संपत्त सिंह, जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी, तेलंगाना से पूर्व सांसद के. कविता और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
देवीलाल का संघर्ष आज भी प्रेरणा
अभय चौटाला ने कहा कि चौ. देवीलाल ने अपने जीवन में कई बार त्याग और संघर्ष की मिसाल पेश की। आज़ादी के आंदोलन में जेल गए, 1975 की इमरजेंसी में भी कारावास भुगता और 1977 में कांग्रेस को सत्ता से बाहर किया। उन्होंने कहा, “जननायक देवीलाल ने किसानों, मजदूरों और वंचितों को आवाज दी थी। आज उनकी नीतियों को आगे बढ़ाना ही हमारी जिम्मेदारी है।”
उन्होंने कहा कि 1985 में चंडीगढ़ को पंजाब को सौंपने के समझौते का चौ. देवीलाल ने डटकर विरोध किया और न्याय युद्ध शुरू किया। यही संघर्ष 1987 में कांग्रेस के पतन और जनता दल की जीत का कारण बना।
भाजपा-कांग्रेस पर करारा हमला
अभय चौटाला ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने किसानों, युवाओं और आमजन को ठगा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर हैं। शराब, रजिस्ट्री और धान घोटालों ने जनता को लूटा। कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह भाजपा की "बी-टीम" बन चुकी है।
अभय ने कहा कि सत्ता में आने पर इनेलो पहली कलम से तीन फैसले करेगी—बेरोजगारी खत्म कर युवाओं को रोजगार देना, भ्रष्टाचार का खात्मा करना और किसानों को मुफ्त बिजली देना। बुजुर्गों की पेंशन भी दोगुनी की जाएगी।
क्षेत्रीय दल ही प्रदेश का सहारा
रैली में पहुंचे पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टियां गरीबों और किसानों के दर्द को नहीं समझतीं। “क्षेत्रीय दल ही प्रदेश के असली हितैषी होते हैं,” उन्होंने कहा। बादल ने चौ. अभय सिंह चौटाला को चौ. देवीलाल का सच्चा वारिस बताया।
तेलंगाना से आईं के. कविता ने भी कहा कि रैली में उमड़ी भीड़ इस बात का सबूत है कि लोग बदलाव चाहते हैं। उन्होंने अभय चौटाला की नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि यह भीड़ किसी शपथग्रहण समारोह जैसी प्रतीत हो रही थी।
‘किसानों की राह में कीलें क्यों?’
जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जिन कीलों को पाकिस्तान के लिए लगाया जाना चाहिए था, उन्हें किसानों की राह में गाड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को उनकी बात रखने तक का हक नहीं दिया।
प्रो. संपत्त सिंह का भावुक संबोधन
पूर्व वित्त मंत्री प्रो. संपत्त सिंह ने चौ. देवीलाल को अपना सियासी जन्मदाता बताते हुए कहा कि वे हरियाणा की राजनीति में बदलाव देख रहे हैं। उन्होंने कहा, “अब हरियाणा में बदलाव निश्चित है और यह बदलाव अभय सिंह चौटाला ही लाएंगे।”
रैली की झलकियां
-
पूरा पंडाल हरे रंग में रंगा दिखा और ‘देवीलाल जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा।
-
मेवात और बृज खाप से आए समर्थकों ने अभय चौटाला को 331 मीटर लंबी पगड़ी पहनाई।
-
धनाना गांव के दिनेश नंबरदार 20वीं कांवड़ लेकर रैली में पहुंचे।
-
युवाओं का उत्साह और बुजुर्गों की उम्मीद ने रैली को ऐतिहासिक बना दिया।
अंत में, अभय चौटाला ने रैली में शामिल समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि जनता अब भाजपा-कांग्रेस से निजात चाहती है। उन्होंने भरोसा जताया कि 2029 में प्रदेश की सियासत की दिशा बदलेगी और किसानों-मजदूरों की सरकार बनेगी।
------