BJP सरकार की गलत नीतियों से गरीब और मध्यम वर्ग का बजट चौपट – दीपेंद्र हुड्डा
गैस सिलेंडर के बढ़े दाम तुरंत वापस ले सरकार, नहीं तो जनाक्रोश के गंभीर परिणाम होंगे – दीपेंद्र हुड्डा
गैस सिलेंडर के बढ़े दाम तुरंत वापस ले सरकार, नहीं तो जनाक्रोश के गंभीर परिणाम होंगे – दीपेंद्र हुड्डा
टीएचटी न्यूज, रोहतक
सांसद दीपेंद्र हुड्डा आज भारतीय वायु सेना के जांबाज स्क्वाड्रन लीडर शहीद अनुज शर्मा के गांव ककराना में आयोजित अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शहीद को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि देश ने एक बहादुर जवान खो दिया है। उन्होंने कहा कि शहीद अनुज शर्मा की कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति पर पूरे देश को गर्व है।
इस दौरान सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले से ही महंगाई से परेशान जनता पर सरकार ने एक और करारी चोट की है। उन्होंने कहा कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी से अब खाना पकाना और खाना खाना दोनों ही महंगे हो गए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि BJP सरकार की गलत नीतियों के कारण देश के गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का बजट पूरी तरह से बिगड़ गया है। सरकार की नीतियां आम जनता के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाती हैं।
दीपेंद्र हुड्डा ने सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कीमतें वापस नहीं ली गईं तो सरकार को जनता के आक्रोश से उत्पन्न होने वाले गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और जनता अब कहने लगी है कि “अच्छे दिन आए नहीं, अच्छे दिन चले गए।” एक तरफ सरकार कहती है कि देश में पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है, वहीं दूसरी तरफ एलपीजी के दाम बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
हरियाणा में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर भी दीपेंद्र हुड्डा ने राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि हरियाणा को बेरोजगारी, महंगाई, अपराध, नशाखोरी और पलायन में देश में नंबर एक बना दिया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भर्ती घोटालों, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के कारण युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। HPSC पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आयोग भर्ती घोटालों और रिश्वतखोरी का अड्डा बन गया है, जबकि हरियाणा के युवा देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने UPSC सिविल सर्विस एग्जाम 2025 में सफल सभी उम्मीदवारों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान विधायक शकुंतला खटक, रोहतक ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलवान सिंह रंगा, रोहतक शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप केडी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
------------