राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत पक्की, जमीनी कार्यकर्ता को दिया टिकट : भूपेंद्र सिंह हुड्डा
- शहीद स्क्वाड्रन लीडर अनुज शर्मा के परिवार से मिले हुड्डा | बजट, महंगाई, किसानों और घोटालों पर बीजेपी सरकार को घेरा
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत पक्की, जमीनी कार्यकर्ता को दिया टिकट : भूपेंद्र सिंह हुड्डा
- शहीद स्क्वाड्रन लीडर अनुज शर्मा के परिवार से मिले हुड्डा | बजट, महंगाई, किसानों और घोटालों पर बीजेपी सरकार को घेरा
ओपी वशिष्ठ, रोहतक :
पूर्व मुख्यमंत्री और हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि आगामी राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत तय है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस बार एक जमीनी कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया है और इस फैसले की चारों तरफ सराहना हो रही है।
रोहतक में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान हुड्डा ने यह बयान दिया। इससे पहले उन्होंने असम में सुखोई फाइटर प्लेन दुर्घटना में शहीद हुए एयरफोर्स के स्क्वाड्रन लीडर अनुज शर्मा के परिवार से मुलाकात की। हुड्डा ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश ने एक होनहार बेटा खो दिया है और उनकी सेवाएं व योगदान हमेशा याद रखे जाएंगे।
विदेश नीति पर उठाए सवाल
हुड्डा ने तेल आयात से जुड़े फैसलों पर अमेरिकी दबाव का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अगर तेल जैसे बुनियादी फैसलों के लिए भी सरकार को दूसरे देशों से अनुमति लेनी पड़ रही है तो यह देश की संप्रभुता के लिए चिंताजनक है।
महंगाई को लेकर सरकार पर हमला
महंगाई के मुद्दे पर बीजेपी सरकार को घेरते हुए हुड्डा ने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्ग पर भारी बोझ पड़ा है। उनके मुताबिक लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी का जीवन कठिन होता जा रहा है।
हरियाणा बजट को बताया ‘लफ्फाजी’
हरियाणा के हालिया बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने इसे “कोरी लफ्फाजी” करार दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने राज्य को 5.56 लाख करोड़ रुपये के कर्ज के बोझ तले दबा दिया है।
हुड्डा के अनुसार बजट में न तो महंगाई नियंत्रित करने की कोई ठोस योजना है, न रोजगार सृजन का रोडमैप, न किसानों के लिए एमएसपी का प्रावधान और न ही बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पर्याप्त फंड।
उन्होंने कहा कि पूंजीगत व्यय (कैपिटल एक्सपेंडिचर) के नाम पर भी नए मेडिकल कॉलेज, सड़क, पुल या अन्य परियोजनाओं के लिए पर्याप्त राशि का प्रावधान नहीं किया गया है।
धान घोटाले पर सरकार को घेरा
धान घोटाले पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ छोटे कर्मचारियों को फंसाने का प्रयास कर रही है, जबकि असली जिम्मेदार बड़े लोग बचाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ के घोटाले छोटे कर्मचारी नहीं कर सकते, इसके पीछे प्रभावशाली लोगों की भूमिका हो सकती है।
किसानों के मुद्दे पर सरकार पर आरोप
हुड्डा ने आलू और भावांतर योजना को लेकर भी सरकार को घेरा। उनका कहना था कि जब किसान अपनी फसल मंडियों में लाते हैं तो अचानक कीमतें गिर जाती हैं, लेकिन वही उत्पाद गोदामों में पहुंचते ही महंगे हो जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भावांतर योजना के नाम पर भी किसानों को वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा।
कई घोटालों का लगाया आरोप
हुड्डा ने कहा कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में एक के बाद एक घोटाले सामने आए हैं। उन्होंने बैंक और धान घोटाले के अलावा शराब, भर्ती, किलोमीटर स्कीम, बिजली मीटर, बाजरा खरीद और रजिस्ट्री जैसे कई मामलों का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि कई मामलों में जांच कमेटियां तो बनाई जाती हैं, लेकिन उनकी रिपोर्ट कभी सार्वजनिक नहीं की जाती।
-------------