सेवा व सहयोग के मामले में हमेशा आगे रहता हरियाणा :मनीष कुमार ग्रोवर
- पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लिए राहत सामग्री का ट्रक किया रवाना
सेवा व सहयोग के मामले में हमेशा आगे रहता हरियाणा :मनीष कुमार ग्रोवर
- हरियाणा ही नहीं पूरा देश पंजाब के सहयोग में खड़ा
- पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लिए राहत सामग्री का ट्रक किया रवाना
- प्राकृतिक आपदा में इंसानियत सबसे बड़ा धर्म- रणबीर ढाका
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
हरियाणा के पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि पंजाब में आई भयंकर बाढ़ से प्रभावित परिवारों के प्रति पूरे हरियाणा की गहरी संवेदना है। उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा ने हजारों परिवारों के जीवन को प्रभावित किया है, लेकिन संकट की इस घड़ी में पंजाब अकेला नहीं है बल्कि पूरा देश और विशेषकर हरियाणा की जनता उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
जिला विकास भवन से शनिवार को पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, भाजपा के जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका व एसडीएम आशीष कुमार ने राहत सामग्री से भरे ट्रक को हरी झंडी दिखाकर बाढ़ प्रभावित जिला गुरदासपुर के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरियाणा सदैव सेवा और सहयोग की भावना से आगे आता रहा है और इस बार भी रोहतक जिला की जनता व संस्थाओं ने मिलकर मानवीय मूल्यों की मिसाल कायम की है।
उन्होंने कहा कि आज रवाना किए गए ट्रक में जीवन-यापन की सभी आवश्यक वस्तुएं शामिल की गई हैं। इनमें 550 पैकेट खाद्य सामग्री आज भेजी गई है। एक पैकेट में एक कंबल, मेडिसन किट, 5 किलो आटा, दाल, चावल, साबुन, पानी, तेल, नमक, चीनी, मसाले, रस व बिस्कुट डाले गए हैं। रेड क्रॉस वालंटियर्स द्वारा यह सामान पैक किया गया है।
बॉक्स
जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका ने कहा कि यह राहत सामग्री केवल भोजन या दवाइयों की आपूर्ति भर नहीं है, बल्कि हरियाणा की जनता का प्यार, सहयोग और संवेदना है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल सहायता पहुंचाना नहीं है, बल्कि यह संदेश देना है कि पंजाब के लोग अकेले नहीं हैं। हरियाणा और पूरा भारत उनके साथ है। यही हमारी संस्कृति है, यही ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना है। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी आपदाएं हमें यह याद दिलाती हैं कि इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है। संकट के समय जाति, धर्म और क्षेत्र की सीमाएं मिट जाती हैं और केवल मानवता ही हमें जोड़ती है।
सहयोग में हर वर्ग की हो भागीदारी- एसडीएम आशीष कुमार
एसडीएम आशीष कुमार ने रोहतक जिला के सामाजिक, धार्मिक और औद्योगिक संगठनों का विशेष आभार व्यक्त किया जिन्होंने आगे बढक़र राहत सामग्री एकत्रित करने और उसे प्रभावित लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को इस कार्य में भागीदारी करनी चाहिए ताकि कोई भी जरूरतमंद भूखा, प्यासा या दवा से वंचित न रह जाए। आशीष कुमार ने कहा कि यह केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं का दायित्व है। हरियाणा के लोग पंजाब के साथ खड़े हैं और यह सहयोग तब तक जारी रहेगा जब तक प्रभावित लोग सामान्य जीवन की ओर वापस नहीं लौट जाते। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, जिला उपाध्यक्ष नवीन ढुल,भाजपा नेता दीपक हुडा, उपमंडलाधीश (नागरिक) आशीष कुमार, रेड क्रॉस सचिव श्यामसुंदर, एडवोकेट अंकुश बिड्डू सांसी, नवीन शर्मा, कुलदीप रूडक़ी,संदीप जागड़ा व नवीन रोहिल्ला आदि मौजूद थे।
--------