CJI जस्टिस सूर्य कांत ने हरियाणा की 12 विशिष्ट हस्तियों को दिया ‘हरियाणा गौरव सम्मान-2026’
‘The Haryana Talks’ के प्रथम स्थापना दिवस पर रोहतक में भव्य समारोह, पुलिस, शिक्षा, चिकित्सा, खेल, संस्कृति और प्रवासी समाज सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिला सम्मान
CJI जस्टिस सूर्य कांत ने हरियाणा की 12 विशिष्ट हस्तियों को दिया ‘हरियाणा गौरव सम्मान-2026’
- ‘The Haryana Talks’ के प्रथम स्थापना दिवस पर रोहतक में भव्य समारोह, पुलिस, शिक्षा, चिकित्सा, खेल, संस्कृति और प्रवासी समाज सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिला सम्मान
ओपी वशिष्ठ, रोहतक:
भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्य कांत ने ‘The Haryana Talks’ के प्रथम स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में हरियाणा की 12 प्रमुख हस्तियों को ‘हरियाणा गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। शनिवार, 14 फरवरी को रोहतक में आयोजित इस समारोह में समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को चुना गया था।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे CJI जस्टिस सूर्य कांत ने अपने हाथों से सभी चयनित हस्तियों को सम्मान-पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम की शुरुआत में ओपी वशिष्ठ और सत सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया, जबकि समापन पर अशोक स्तंभ का स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में न्यायिक अधिकारियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, पत्रकारों और समाजसेवियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
इन हस्तियों को मिला ‘हरियाणा गौरव सम्मान-2026’
- डॉ. सागरप्रीत हुड्डा (पुलिस सेवा)
वरिष्ठ IPS अधिकारी के रूप में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस तंत्र को आधुनिक बनाने में अहम भूमिका निभाई। चंडीगढ़ में पुलिस महानिदेशक के रूप में उनकी कार्यशैली पारदर्शिता, तकनीक आधारित निगरानी और जनसहभागिता पर आधारित रही है।
2. डॉ. अमित आर्य (शिक्षा व पत्रकारिता)
पत्रकारिता और उच्च शिक्षा दोनों क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका। SUPVA Rohtak के कुलपति के रूप में संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने, मीडिया शिक्षा को व्यावहारिक स्वरूप देने और छात्रों को उद्योग से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान।
3. नरेश कौशिक (उद्यमिता व प्रवासी समाज)
विदेश में रहकर मेक-इन-इंडिया और ग्रामीण महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयास। सामाजिक कार्यों और निवेश के माध्यम से हरियाणा के युवाओं के लिए अवसर तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
4. डॉ. अमित मान (चिकित्सा सेवा)
प्रख्यात किडनी रोग विशेषज्ञ और IMA Rohtak के अध्यक्ष। किडनी रोगों के इलाज, जागरूकता अभियानों और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए निरंतर काम कर रहे हैं।
5. प्रीति गुगनानी (शिक्षा व महिला सशक्तिकरण)
शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम और सामाजिक पहल संचालित कीं। ग्रामीण व शहरी महिलाओं को करियर और शिक्षा से जोड़ने का काम किया।
6. सेवा सिंह रेड्ढू (NRI समाज सेवा)
विदेशों में बसे हरियाणवियों को सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने में अग्रणी भूमिका। हरियाणा की पहचान और सामाजिक सहयोग की भावना को वैश्विक मंच पर मजबूत किया। सेवा सिंह की अनुपस्थिति में यह सम्मान उनके सहयोगी अमरदीप मलिक ने ग्रहण किया।
7. सुश्री उन्नति हुड्डा (खेल)
अंतरराष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन खिलाड़ी, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हरियाणा और देश का नाम रोशन किया। युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत के रूप में उभरीं।
8. अधिवक्ता प्रदीप मलिक (कानूनी सेवा)
वकालत के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की। न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में सराहनीय प्रयास।
9. विनोद कड़वासरा (पर्यावरण संरक्षण)
वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित कार्यकर्ता। प्रकृति संरक्षण अभियानों, जागरूकता कार्यक्रमों और स्थानीय स्तर पर हरित पहल को बढ़ावा देने में निरंतर सक्रिय।
10. संग्राम सिंह (खेल व प्रेरक वक्ता)
अंतरराष्ट्रीय पहलवान, अभिनेता और मोटिवेशनल स्पीकर के रूप में युवाओं में फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा दिया। खेल उपलब्धियों के साथ सामाजिक संदेश देने में भी अग्रणी भूमिका।
11. स्व. सत्यवीर (सत्ते) कथूरवाल (लोक संस्कृति, मरणोपरांत)
हरियाणवी लोक कलाकार के रूप में अपनी कला से लोक संस्कृति को जीवित रखने में आजीवन योगदान। उनकी विरासत को आगे बढ़ाते हुए यह सम्मान उनके पुत्र गायक सोमवीर कथूरवाल ने ग्रहण किया।
12. डॉ. सुप्रिया ढांडा (संस्कृतिक मंच संचालन व शिक्षा)
मंच संचालन के क्षेत्र में प्रभावशाली कार्य। कार्यक्रमों को गरिमामय और व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत करने की पहचान। अग्रवाल कॉलेज, बल्लभगढ़ में इतिहास विभाग में सहायक प्राध्यापक के रूप में भी शैक्षणिक योगदान दे रही हैं।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि ‘हरियाणा गौरव सम्मान’ उन लोगों के लिए प्रेरणा है, जो समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में निष्ठा और समर्पण के साथ काम कर रहे हैं। ‘द हरियाणा टाक्स’ की यह पहल राज्य की प्रतिभाओं को पहचान देने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा पैदा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
------------------