एमडीयू जूलोजी विभाग से 10 विद्यार्थी नेट क्वालिफाइ
- नेट उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को दी बधाई
एमडीयू जूलोजी विभाग से 10 विद्यार्थी नेट क्वालिफाइ
- नेट उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को दी बधाई
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के जूलोजी विभाग के 10 विद्यार्थियों ने यूजीसी-जेआरएफ/नेट की परीक्षा उत्तीर्ण की है। जूलोजी विभाग की अध्यक्षा प्रो. मीनाक्षी शर्मा ने बताया कि विभाग के विद्यार्थी-साक्षी, निकिता, अंकिता, मोहित, लतिका, प्रिया, स्वाथि तथा नम्रता ने यूजीसी-जेआरएफ तथा कविता शर्मा व शुभम ने यूजीसी-नेट परीक्षा पास कर विभाग एवं विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए इन विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा उनके उज्जवल जीवन की कामना की।
-------------
पीएचडी कोर्स वर्क की परीक्षाएं 26 मई से
रोहतक :
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की पीएचडी कोर्स वर्क की परीक्षाएं 26 मई से प्रारंभ होंगी। परीक्षा नियंत्रक प्रो. गुलशन लाल तनेजा ने बताया कि उपरोक्त परीक्षाओं की डेटशीट विश्वविद्यालय वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
-------------
फ्राम कैंपस टू करियर पर मेंटरशिप सत्र में दी जानकारी
रोहतक :
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर मेडिकल बायोटेक्नोलॉजी द्वारा विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती वर्ष व्याख्यान श्रृंखला के तहत-फ्रॉम कैंपस टू करियर: मेंटरशिप फॉर बायोटेक इंडस्ट्री विषयक मेंटरशिप सत्र का आयोजन किया गया। सीएमबीटी के निदेशक डॉ. हरि मोहन ने प्रारंभ में स्वागत भाषण दिया और इस तरह के कार्यक्रम को महत्वपूर्ण बताया।
इंग्लैंड के सेंटौरी थेरेप्यूटिक्स की वैज्ञानिक और सीएमबीटी की पूर्व छात्रा डॉ. जया सैनी ने इस व्याख्यान कार्यक्रम में बतौर वक्ता शिरकत की और बायोटेक इंडस्ट्री में करियर के अवसरों बारे विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने एमएससी और पीएचडी के बाद बायोटेक इंडस्ट्री में प्रवेश के लिए क्षमता निर्माण और रणनीतियों पर अपनी विशेषज्ञता साझा की। उन्होंने विदेश में पीएचडी करने के लिए छात्रवृत्ति हासिल करने पर भी बहुमूल्य मार्गदर्शन दिया, जिसमें कॉमनवेल्थ स्कॉलरशिप, क्यूरी फेलोशिप आदि जैसे प्रतिष्ठित कार्यक्रम शामिल हैं और छात्रों को वैश्विक शैक्षणिक और व्यावसायिक अवसरों की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से क्षमता निर्माण, कौशल अधिग्रहण और सॉफ्ट स्किल विकास के लिए आगे आने का आह्वान किया।
दिल्ली के लर्नर्स अकादमी की संस्थापक और सीएमबीटी की पूर्व छात्रा आस्था सिंगला ने छात्रों में उद्यमशीलता की चिंगारी को प्रज्वलित किया और उन्हें अपने अभिनव विचारों को सफल उद्योग में बदलने के तरीके के बारे में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने डीबीटी, बायोटेक और अटल इनक्यूबेशन जैसी विभिन्न फंडिंग एजेंसियों पर ध्यान केंद्रित किया और सफल उद्यमिता और करियर विकास के लिए विविध अवसरों की खोज करने और अपने क्षितिज को व्यापक बनाने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने इस मार्ग में आने वाली प्रमुख चुनौतियों पर भी चर्चा की। कार्यक्रम में डॉ. हरि मोहन, डॉ. अमिता सुनेजा डांग, डॉ. अनिल कुमार और डॉ. रश्मि भारद्वाज मौजूद रहे।
------------