गोल्डन जुबली वर्ष में एमडीयू में प्रकाशित होंगी 50 पुस्तकें

- एमडीयू कुलपति ने किया डा. अंबेडकर और महर्षि दयानंद विषयक पुस्तकों का विमोचन

 44
गोल्डन जुबली वर्ष में एमडीयू में प्रकाशित होंगी 50 पुस्तकें

गोल्डन जुबली वर्ष में एमडीयू में प्रकाशित होंगी 50 पुस्तकें

- एमडीयू कुलपति ने किया डा. अंबेडकर और महर्षि दयानंद विषयक पुस्तकों का विमोचन

टीएचटी न्यूज, रोहतक :

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के विवेकानंद पुस्तकालय द्वारा एक गरिमामय पुस्तक विमोचन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने दलित और महिला उत्थान में डा. अंबेडकर का योगदान और महर्षि दयानंद सरस्वती (बाल साहित्य) विषयक पुस्तकों का विमोचन किया। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने दलित और महिला उत्थान में डा. अंबेडकर का योगदान पुस्तक के लेखक विक्रम सिंह डूमोलिया तथा महर्षि दयानंद सरस्वती (बाल साहित्य) पुस्तक के लेखक डा. मधुकांत को बेहतर लेखन एवं पुस्तक प्रकाशन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने डॉ. भीमराव अंबेडकर और महर्षि दयानंद सरस्वती को समाज के सच्चे नायक बताते हुए कहा कि ये दोनों विभूतियाँ केवल अपने समय के ही नहीं, बल्कि आज के युवाओं के लिए भी प्रेरणा स्त्रोत हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सामाजिक समानता, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए जो योगदान दिया, वह आज भी प्रासंगिक है। वहीं महर्षि दयानंद का चिंतन और शिक्षा संबंधी विचार नई पीढ़ी को नैतिक मूल्यों से जोड़ने में सहायक हैं।

कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय के गोल्डन जुबली वर्ष (स्वर्ण जयंती वर्ष) के उपलक्ष्य में एमडीयू प्रेस प्रकाशन के बैनर तले 50 पुस्तकों का प्रकाशन करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि आगामी समय में पुस्तक विमोचन समारोह को और भी व्यापक और प्रभावशाली स्वरूप दिया जाएगा, ताकि विश्वविद्यालय के बौद्धिक वातावरण को नई दिशा और गति मिल सके।

कुलपति ने यह भी कहा कि एमडीयू में शैक्षणिक और बौद्धिक वातावरण को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा ताकि छात्र, शोधार्थी और संकाय सदस्य एक समृद्ध और प्रेरक शैक्षणिक परिवेश में कार्य कर सकें। डीन, एकेडमिक अफेयर्स प्रो. हरीश कुमार ने कहा कि विकसित भारत की कल्पना को साकार करने के लिए तथा देश में समरसता लाने के लिए स्वामी दयानंद सरस्वती और डा. बी.आर. अंबेडकर के विचारों को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने दोनों लेखकों को बधाई देते हुए विवेकानंद लाइब्रेरी की इस आयोजन के लिए सराहना की। विवेकानंद लाइब्रेरी के अध्यक्ष डा. सतीश मलिक ने प्रारंभ में स्वागत भाषण देते हुए युवाओं से पठन-पाठन की आदत विकसित करने का आह्वान किया। डिप्टी लाइब्रेरियन डा. सीमा ने कार्यक्रम का संचालन किया और आभार जताया।

लेखक विक्रम सिंह डूमोलिया ने अपनी पुस्तक का सार प्रस्तुत करते हुए दलित एवं महिला उत्थान में डा. अंबेडकर द्वारा दिए गए योगदान के अनछुए पहलुओं को सामने रखा। डा. मधुकांत की पुस्तक का सार प्रतिष्ठित साहित्यकार एवं एमडीयू की सेवानिवृत प्रोफेसर डा. अंजना गर्ग ने प्रस्तुत किया और बच्चों में साहित्य के जरिए नैतिक मूल्यों को विकसित करने की दिशा में इस पुस्तक को महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर प्रतिष्ठित साहित्यकार डा. श्याम कौशल, डा. रमाकांता, प्रो. राजकुमार, प्रो. देसराज, प्रो. जितेन्द्र प्रसाद, डा. श्रीभगवान, डा. जर्नादन शर्मा, डा. प्रताप राठी, सेल्फी विद डॉटर अभियान के संस्थापक सुनील जागलान, एडवोकेट चंचल नांदल समेत विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, प्राध्यापकगण, लेखकगण, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

--------------