CET-2025 की तिथि घोषित, टकराव होने पर HTET की तारीख बदली

- अधिकारियों की लापरवाही से सरकार की होती है बार-बार किरकिरी

 32
CET-2025 की तिथि घोषित, टकराव होने पर HTET की तारीख बदली

CET-2025 की तिथि घोषित, टकराव होने पर HTET की तारीख बदली

- अधिकारियों की लापरवाही से सरकार की होती है बार-बार किरकिरी

ओपी वशिष्ठ, रोहतक :

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने CET 2025 परीक्षा की तिथियों की औपचारिक घोषणा कर दी है। आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने बताया कि यह परीक्षा 26 और 27 जुलाई 2025 को चार शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। दोनों की परीक्षाओं की तिथि के टकराव के चलते एचटेट की परीक्षा को स्थगित कर कर 30 अौर 31 जुलाई को निर्धारित की है।

इस बीच, HTET 2025 की संभावित तिथि भी 30 और 31 जुलाई को सामने आई है, जिससे पहले की तरह एक बार फिर परीक्षाओं की तारीखों के टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस विषय पर प्रतिक्रिया देते हुए हिम्मत सिंह ने कहा, “HTET और CET की तिथि में टकराव की समस्या को लेकर अभ्यर्थियों ने सोशल मीडिया, कॉल और मैसेज के माध्यम से संपर्क किया। इस विषय को गंभीरता से लेते हुए मैंने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन पवन कुमार शर्मा से बात की है।” उन्होंने आगे बताया कि बोर्ड चेयरमैन ने HTET की तिथि को स्थगित करने पर सहमति जताई है और उम्मीद है कि इसका आधिकारिक ऐलान जल्द ही किया जाएगा।

लड़कियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर उठे सवाल

CET परीक्षा की शिफ्टों को लेकर भी कुछ अभ्यर्थियों ने चिंता जताई है, विशेषकर शाम 5 बजे वाली शिफ्ट में दूर-दराज से आने वाली छात्राओं की सुरक्षा और आवाजाही को लेकर। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सुझाव दिया है कि लड़कियों को गृह जिला परीक्षा केंद्र दिए जाएं ताकि उन्हें अतिरिक्त परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं कुछ लोगों ने यह भी पूछा है कि क्या इस बार हरियाणा के उन चार जिलों में भी परीक्षा करवाई जाएगी, जहां पिछली बार नकल की घटनाएं सामने आई थीं या सरकार फिर से नकल माफियाओं के आगे झुकने जा रही है।

परीक्षा अवधि बढ़ाने की संभावना

चूंकि इस बार आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या अधिक हो सकती है, इसलिए CET परीक्षा चार शिफ्टों की बजाय चार दिन तक भी चल सकती है। इस संभावना को लेकर आयोग की तरफ से अभी कोई स्पष्टता नहीं दी गई है, लेकिन तैयारी इसी आधार पर की जा रही है।

अध्यक्ष का संदेश

अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “आप सभी परेशान न हों, अपनी CET और HTET दोनों परीक्षाओं की तैयारी ईमानदारी से करते रहें। हम पूरी पारदर्शिता और अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा आयोजन सुनिश्चित करेंगे।”

-------------