एमडीयू रोहतक 17 स्नातक व एकीकृत पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु 19 मई से शुरू
- कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने किया औपचारिक विमोचन, 12 पाठ्यक्रम अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए भी उपलब्ध
एमडीयू रोहतक 17 स्नातक व एकीकृत पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु 19 मई से शुरू
- कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने किया औपचारिक विमोचन, 12 पाठ्यक्रम अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए भी उपलब्ध
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए 10+2 उपरांत संचालित होने वाले 17 स्नातक एवं पांच वर्षीय एकीकृत पाठ्यक्रमों की प्रवेश विवरणिका (प्रॉस्पेक्टस) का औपचारिक विमोचन आज विश्वविद्यालय परिसर में किया। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने इस अवसर पर कहा कि एमडीयू राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, नवाचार युक्त एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर डीन, एकेडमिक अफेयर्स प्रो. अनूप सिंह मान और कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कुलपति ने प्रॉस्पेक्टस कमेटी के चेयरपर्सन और सदस्यों को उनके समर्पित कार्य हेतु बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डीन, एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए.एस. मान, कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत, परीक्षा नियंत्रक प्रो. गुलशन लाल तनेजा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. रणदीप राणा, डीन फैकल्टी ऑफ लाइफ साइंसेज प्रो. मीनाक्षी वशिष्ठ, निदेशक आईक्यूएसी प्रो. बी. नरसिम्हन, निदेशक जनसंपर्क प्रो. आशीष दहिया, निदेशक यूसीसी डॉ. जी.पी. सरोहा, उप कुलसचिव सुमित्रा गिरधर, सहायक कुलसचिव तेजपाल, अधीक्षक मोहन लाल, कुलपति कार्यालय से खैराती लाल और पीआरओ पंकज नैन उपस्थित रहे।
शैक्षणिक मामलों के डीन प्रोफेसर अनूप सिंह मान ने बताया कि इस वर्ष विश्वविद्यालय द्वारा कुल 17 कार्यक्रमों में लगभग 1450 सीटों के लिए प्रवेश प्रक्रिया आरंभ की जा रही है। इनमें से 12 कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए भी खुले हैं, जिनमें बैचलर ऑफ आर्ट्स (अंग्रेजी), बीए (आर्थिक विज्ञान), बीए (लोक प्रशासन), बीए (इतिहास), बी.एससी. (गणित), बी.एससी. (सांख्यिकी), बी.एससी. (जेनेटिक्स), बीएफए (चित्रकला), बी.कॉम, बैचलर ऑफ टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट, बैचलर ऑफ पब्लिक हेल्थ साइंसेज और बीसीए शामिल हैं।
प्रमुख तिथियां:
ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ: 19 मई 2025
आवेदन की अंतिम तिथि: 2 जून 2025
विदेशी छात्रों के लिए अंतिम तिथि: 13 जून 2025
प्रवेश परीक्षाएं: 19 से 23 जून 2025
परिणाम घोषित: 27 जून 2025
पहली काउंसलिंग: 1 जुलाई 2025
कक्षाएं आरंभ: 15 जुलाई 2025
प्रमुख पाठ्यक्रम:
4 वर्षीय स्नातक कार्यक्रम: बीसीए, बीबीए, बी.कॉम, बी.ए. (आर्थिक, अंग्रेजी, इतिहास, सार्वजनिक प्रशासन), बी.एससी. (गणित, सांख्यिकी, आनुवंशिकी, सार्वजनिक स्वास्थ्य), बीएफए (चित्रकला), पर्यटन और यात्रा प्रबंधन का स्नातक, होटल प्रबंधन और खानपान प्रौद्योगिकी का स्नातक आदि।
5 वर्षीय एकीकृत पाठ्यक्रम:
मास्टर ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी
पाँच वर्षीय एलएलबी
4 वर्षीय शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम (ITEP): बी.ए. बी.एड. एवं बी.कॉम. बी.एड जिनमें प्रवेश NCET-2025 के स्कोर के आधार पर होगा।
गुरुग्राम स्थित एमडीयू-सीपीएएस में भी बीबीए, एवं पाँच वर्षीय एलएलबी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
शैक्षणिक मामलों के डीन प्रोफेसर अनूप सिंह मान, ने बताया कि बी. टेक और बी. फार्मा कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन हरियाणा स्टेट टेक्निकल एजुकेशन सोसाइटी (HSTES), पंचकूला के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। वहीं, ITEP कार्यक्रमों का प्रवेश कार्यक्रम NCET-2025 के परिणाम घोषित होने के बाद अधिसूचित किया जाएगा।
प्रवेश विवरणिका, कार्यक्रमों की संपूर्ण जानकारी और ऑनलाइन आवेदन लिंक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है: