कमजोर व वंचित वर्ग के हितों की रक्षक बनी नायब सरकार : रणबीर गंगवा

- सूर्य कवि बाजे भगत जयंती पर कार्यक्रम आयोजित

 40
कमजोर व वंचित वर्ग के हितों की रक्षक बनी नायब सरकार : रणबीर गंगवा

कमजोर व वंचित वर्ग के हितों की रक्षक बनी नायब सरकार : रणबीर गंगवा

- कहा, कांग्रेस सरकार में पिछड़ा वर्ग के साथ हुआ भेदभाव व अन्याय

- योग्य उम्मीदवार न मिलने की बात कह कर खाली छोड़ दिए जाते थे सरकारी नौकरियों के पद

- नौकरियों में बैकलॉग को भी किया जाएगा पूरा

- भवन निर्माण के लिए 11 लाख रुपए के अनुदान की घोषणा

- सूर्य कवि बाजे भगत से प्रेरणा लेकर कलाकार समाज में दे शिक्षाप्रद संदेश

- सूर्य कवि बाजे भगत जयंती पर कार्यक्रम आयोजित

टीएचटी न्यूज, रोहतक :

हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समाज के कमजोर व वंचित वर्ग के लोगों को उनके अधिकार दिलाने का काम किया है। कैबिनेट मंत्री सैन समाज चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा गांव पहरावर में आयोजित सूर्य कवि बाजे भगत जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।

रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग व वंचित समाज के लोगों की चिंता करके उनके उत्थान में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मेरिट के आधार पर नौकरियां देने का निर्णय लेकर ऐतिहासिक कार्य किया है। परिणाम स्वरूप आज समाज के अनुसूचित जाति, पिछड़ा व कमजोर वर्ग के लोगों को बड़ी संख्या में नौकरियां मिल रही है। रणबीर गंगवा ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में अनुसूचित जाति, पिछड़ा व वंचित वर्ग के लोगों के साथ लगातार अन्याय होता था। योग्य उम्मीदवारों को नौकरियों से वंचित कर दिया जाता था। क्योंकि समाज के इस वर्ग के पास न तो पैसे थे और न ही सिफारिश। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं आरक्षित पदों को यह कहकर रिक्त छोड़ दिया जाता था कि इन पदों पर योग्य उम्मीदवार नहीं मिले और बाद में चोर दरवाजे से इन पदों को भर दिया जाता था। मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने बैकलॉग पूरा करने की बात कही है। समाज को जो घाटा हुआ है उसे निश्चित रूप से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नायब सरकार ने समाज के गरीब और वंचित वर्ग के लोगों के लिए अनेक योजनाओं को धरातल पर क्रियान्वित किया है। सरकार द्वारा सभी महापुरुषों की जयंती सरकारी स्तर पर मनाई जा रही है। इन महापुरुषों के विचारों को समाज में प्रसारित किया जा रहा है और सरकार भी उनकी विचारधारा के अनुरूप जन कल्याण में लगी हुई है।

रणबीर गंगवा ने कार्यक्रम में मौजूद कलाकारों से सूर्य कवि बाजे भगत से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि कलाकार मनोरंजन के साथ-साथ शिक्षाप्रद संदेश समाज में अवश्य दें। उन्होंने कहा कि सूर्य कवि बाजे भगत ने हमेशा ही संस्कार, संस्कृति व धर्म को अपने शब्दों में प्रयोग कर समाज के सामने रखा था। कैबिनेट मंत्री ने भवन निर्माण कार्य के लिए ट्रस्ट को 11 लाख रुपए की अनुदान राशि देने की घोषणा की।

कांग्रेस ने पिछड़े वर्ग को समानता के अधिकार से सदैव रखा वंचित :- राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा

- पिछड़े वर्ग के युवाओं के रद्द कर दिए जाते थे नौकरियों के आवेदन फार्म

राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने अपने संबोधन ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में लंबे समय तक समाज के पिछड़े व कमजोर वर्ग के लोगों को समानता का अधिकार नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इस वर्ग को कांग्रेस पार्टी केवल एक वोट बैंक के रूप में प्रयोग करती थी। इस समाज के लोगों को जानबूझकर सब्सिडी का जीवन प्रदान किया गया था ताकि समाज के लिए लोग जागरूक होकर अपने अधिकारों की मांग ना कर सके। इस प्रकार से लंबे समय तक समाज के इस वर्ग के साथ भेदभाव किया गया। रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि एक साजिश के तहत तत्कालीन सरकारें पिछड़े वर्ग के युवाओं के नौकरियों के आवेदन फार्म भी रद्द कर देती थी। उन्होंने कहा कि दिवंगत नेता कर्पूरी ठाकुर ने कहा था कि जब तक समाज का यह वर्ग कांग्रेस के चंगुल से नहीं निकल जाता तब तक इनका भला होने वाला नहीं। बिहार से कर्पूरी ठाकुर ने ही पिछड़ा वर्ग को आरक्षण देने की शुरुआत की थी।

रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि केंद्र व राज्य दोनों स्थानों पर पिछड़ा वर्ग से संबंधित प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री है। उन्होंने कहा कि समाज के पिछड़े व कमजोर वर्ग के लोगों को न्याय दिलाने की शुरुआत हो चुकी है और यह सिलसिला लंबा चलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू की गई पीएम विश्वकर्मा योजना का भी विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि उनका कार्यकाल दलित और पिछड़ों को समर्पित रहेगा। रामचंद्र जांगड़ा ने अपने सांसद निधि कोष से ट्रस्ट को 11 लाख रुपए की अनुदान राशि देने की घोषणा की।

बाजे भगत ने समाप्त की समाज में फैली बुराईयां :- मेयर राम अवतार वाल्मीकि

मेयर राम अवतार वाल्मीकि ने अपने संबोधन में सूर्य कवि बाजे भगत जयंती पर सम्मान देने पर आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बाजे भक्त द्वारा समाज में फैली बुराइयों को समाप्त करने में दिए योगदान का भी जिक्र किया। उन्होंने घोषणा की कि भवन का एक तल नगर निगम द्वारा बनाया जाएगा।

बॉक्स :-

बिना किसी भेदभाव के कार्य कर रही नायब सरकार :- जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका

भाजपा जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के पिछड़ा वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए भी अनेक योजनाएं राज्य सरकार ने लागू की है। उन्होंने आयोजकों को विश्वास दिलाया कि भवन निर्माण में सरकार की ओर से कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

किताब का किया विमोचन, खिलाड़ी किए सम्मानित :-

कार्यक्रम में देश मेरी प्रेरणा नामक पुस्तक का विमोचन किया गया। कबड्डी खिलाड़ी तनु सेन व तैराकी खिलाड़ी इशांत को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मेयर राम अवतार वाल्मीकि, जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका, प्रदेश महासंपर्क प्रभारी नागेंद्र शर्मा, युवा भाजपा नेता हिमांशु ग्रोवर, पार्षद प्रवीण कौशिक, पार्षद बिजेंद्र बैरागी, दीपक सैनी, सतबीर वर्मा, अमित, नीटू, सेन समाज चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान सुरेश राणा, महासचिव श्रीपाल राणा, सह सचिव जय सिंह मोखरा, उपाध्यक्ष महेंद्र राणा, सचिव जय सिंह, कोषाध्यक्ष उम्मेद सिंह, 84 के प्रधान प्रदीप कुमार मंडावर, संरक्षक संदीप, राजेश आर्य, दलबीर, भारती, उमेश, सुखबीर सेन, मामन व धर्मवीर वर्मा आदि मौजूद थे।

----------------