पर्यावरण से सरोकार, दिव्यांगजन को सम्मान—एमडीयू में अनूठा वृक्षारोपण अभियान”

-भारतीय पुनर्वास परिषद की अध्यक्षा डा. शरणजीत कौर ने की पहल की सराहना

 85
पर्यावरण से सरोकार, दिव्यांगजन को सम्मान—एमडीयू में अनूठा वृक्षारोपण अभियान”

एमडीयू में शुरू किया एक पौधा दिव्यांगजन को समर्पित अभियान

-भारतीय पुनर्वास परिषद की अध्यक्षा डा. शरणजीत कौर ने की पहल की सराहना

- दिव्यांगजनों ने पौधा लगाकर किया कार्यक्रम का आगाज

टीएचटी न्यूज, रोहतक :

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) ने सामाजिक समावेश और पर्यावरण संरक्षण के अद्वितीय संगम की मिसाल पेश करते हुए मंगलवार को दिव्यांगजनों को समर्पित विशेष पौधरोपण पखवाड़े का शुभारंभ किया। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह की अगुवाई में यह ऐतिहासिक अभियान विश्वविद्यालय परिसर में आरंभ हुआ, जिसमें दिव्यांगजनों ने पहला पौधा रोपित किया। कार्यक्रम में स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ रिहैबिलिटेशन, ट्रेनिंग एंड रिसर्च (सिरतार) के दिव्यांगजन विद्यार्थी बतौर गेस्ट ऑफ ऑनर शामिल हुए। इस अभियान की विशेषता यह है कि प्रत्येक दिन कार्यक्रम की शुरुआत एक दिव्यांगजन द्वारा पौधा लगाकर की जाएगी। इससे न केवल दिव्यांगजनों को सम्मानित किया जा रहा है, बल्कि उन्हें पर्यावरणीय गतिविधियों से भी सक्रिय रूप से जोड़ा जा रहा है। यह पहल समावेशिता, सम्मान और जागरूकता के मूल्यों को बढ़ावा देती है।

भारतीय पुनर्वास परिषद की अध्यक्षा डॉ. शरणजीत कौर ने एमडीयू की इस पहल को अनूठी एवं ऐतिहासिक बताते हुए इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि एमडीयू का यह कदम पूरे देश के लिए प्रेरणा है। दिव्यांगजनों को केंद्र में रखकर ऐसा आयोजन समावेशी विकास की दिशा में एक मजबूत कदम है। इस पहल के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन बधाई का पात्र है, ऐसा डा. शरणजीत कौर का कहना था।

कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं। उन्हें अवसर और सम्मान देना हम सबका नैतिक दायित्व है। यह पौधरोपण अभियान केवल हरियाली बढ़ाने का कार्य नहीं है, बल्कि दिव्यांगजनों के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है।

कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि दिव्यांगजन को समर्पित पौधरोपण पखवाड़ा 15 जुलाई तक चलेगा। तदुपरांत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के- एक पेड़ मां के नाम अभियान को समर्पित दूसरा पौधरोपण पखवाड़ा 16 जुलाई से 30 जुलाई तक तथा नशा मुक्त घर अभियान को समर्पित पौधरोपण पखवाड़ा 31 जुलाई से 14 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने निदेशक हॉर्टिकल्चर प्रो. दीपक कौशिक तथा निदेशक कैंपस फारेस्ट्री एवं प्लांटेशन ड्राइव प्रो. सुरेन्द्र सिंह यादव और उनकी पूरी टीम को इस आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

एमडीयू के सेंटर फॉर डिसेबिलिटी स्टडीज के प्रथम बैच की छात्रा रुपेश ने बतौर विशिष्ट अतिथि पहला पौधा लगाकर आज के कार्यक्रम का शुभारंभ किया। रुपेश ने साइन लैंग्वेज में अपनी बात रखते हुए कहा कि पेड़-पौधे बहुत सुंदर हैं। हमें इनका रखरखाव और संरक्षण करना चाहिए। उन्होंने एमडीयू की इस मुहिम की सराहना करते हुए इसे अनूठा बताया। एसबीआई के डीजीएम डा. अरिजीत घोष रॉय तथा रीजनल मैनेजर राम शंकर ने भी बतौर विशिष्ट अतिथि इस कार्यक्रम में पौधा लगाया और एमडीयू की इस ऐतिहासिक पहल की सराहना करते हुए एसबीआई द्वारा हर संभव सहयोग की बात कही।

डीन, एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए.एस. मान तथा कुलसचिव डा. कृष्णकांत ने भी इस अवसर पर अपने संबोधन में एमडीयू की इस पहल को समावेशी समाज की स्थापना में मील का पत्थर बताया। निदेशक कैंपस फॉरेस्ट्री एंड प्लांटेशन ड्राइव प्रो. सुरेन्द्र यादव ने प्रारंभ में स्वागत भाषण दिया तथा कार्यक्रम का संचालन किया। निदेशक हॉर्टिकल्चर प्रो. दीपक कौशिक ने कार्यक्रम का समन्वयन किया और अंत में आभार जताया।

एमडीयू का यह पौधरोपण अभियान न केवल हरियाली के विस्तार की दिशा में योगदान देगा, बल्कि समावेशी समाज की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में भी एक मील का पत्थर साबित होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी घोषणा की कि भविष्य में दिव्यांगजनों की भागीदारी को केंद्र में रखकर और भी रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

एमडीयू के डीन, एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए.एस. मान, कुलसचिव डा. कृष्णकांत, सिरतार निदेशक डा. ए.डी. पासवान, प्रॉक्टर प्रो. रणदीप राणा, डीन सीडीसी प्रो. विनीता हुड्डा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग, चीफ वार्डन बॉयज प्रो. सुधीर कुमार, संकाय डीन प्रो. सेवा सिंह दहिया, प्रो. राजपाल, प्रो. जितेन्द्र ढुल, विभागाध्यक्ष-प्रो. हरीश कुमार, डा. राजेश कुमार, निदेशक जनसंपर्क प्रो. आशीष दहिया, निदेशक हार्टिकल्चर प्रो. दीपक कौशिक, निदेशक कैंपस फारेस्ट्री एवं प्लांटेशन ड्राइव प्रो. सुरेन्द्र सिंह यादव, निदेशक सीसीपीसी प्रो. दिव्या मल्हान, डिप्टी डीएसडब्ल्यू प्रो. सोनू, एनएसएस कोऑर्डिनेटर डा. कर्मवीर श्योकंद, वाईआरसी कोऑर्डिनेटर प्रो. अंजू धीमान, प्रो. राजकुमार, प्रो. राधेश्याम, प्रोफेसर ऑफ़ प्रैक्टिस सुनील जागलान, प्रो. सविता राठी, प्रो. सुनील कुमार, डा. अनुराग खटकड़, डा. सुंदर सिंह आर्य समेत एमडीयू के प्राध्यापक, गैर शिक्षक कर्मी, विद्यार्थी, शोधार्थी, दिव्यांगजन एवं शहर के गणमान्यजन, बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लेते हुए पौधरोपण में सहभागिता की।

---------------