1 लाख आय की बाध्यता खत्म करके प्रदेश की हर महिला को 2100 रुपये दे सरकार - दीपेन्द्र हुड्डा
किसानों को MSP पर कम से कम 1000 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस दे सरकार – दीपेन्द्र हुड्डा
1 लाख आय की बाध्यता खत्म करके प्रदेश की हर महिला को 2100 रुपये दे सरकार - दीपेन्द्र हुड्डा
- किसानों को MSP पर कम से कम 1000 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस दे सरकार – दीपेन्द्र हुड्डा
- प्रदेश की हर महिला को 2100 देने का वादा भाजपा का सबसे बड़ा छलावा साबित हुआ - दीपेन्द्र हुड्डा
- कांग्रेस सरकार के समय हरियाणा में पंजाब से दोगुना मुआवजा मिलता था, बीजेपी राज में पंजाब के आधे से भी कम मुआवजा देने की घोषणा निंदनीय – दीपेन्द्र हुड्डा
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने सोमवार को रोहतक में अपने आवास पर लोगों से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना। इस अवसर पर पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की हर महिला को 2100 रुपये प्रति माह देने का वादा भाजपा का सबसे बड़ा छलावा साबित हुआ है। भाजपा ने अपने मैनिफेस्टो में ये कहीं नहीं लिखा था कि इस योजना में 1 लाख की लिमिट लागू होगी। दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा को बहुत झूठा प्रचार वाली पार्टी बताते हुए मांग करी कि 1 लाख रुपये आय की बाध्यता को खत्म करके भाजपा जनता से किया वायदा पूरा करे और प्रदेश की हर महिला को 2100 दिलाए। कांग्रेस पार्टी भाजपा का वादा भाजपा से पूरा कराने के लिये हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी।
उन्होंने मंडियों में किसानों की समस्या पर बोलते हुए कहा कि यूपीए सरकार के समय एमएसपी पर बोनस दिया जाता था, लेकिन भाजपा ने सत्ता में आने के बाद बोनस देने की योजना बंद कर दी। उन्होंने मांग करी कि इसे वापस शुरु किया जाए और किसानों को कम से कम 1000 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस देकर उनके जख्मों पर मरहम लगाए। दीपेन्द्र हुड्डा ने व्यापक जलभराव, फसल खराबा झेलने वाले किसानों को पंजाब के किसानों से आधे से भी कम मुआवजा देने की घोषणा की घोर निंदा की और बताया कि उन्होंने लगातार फसल खराबे का प्रति एकड़ कम से कम 50 हजार रुपये मुआवजा देने की मांग रखी थी। सरकार ने न कोई स्पेशल गिरदावरी कराई न कोई स्पेशल मुआवजा दिया। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय 2014 तक हरियाणा के किसानों को पंजाब से दोगुना मुआवजा मिलता था। उस समय पंजाब में ₹5,000 और हरियाणा ₹10,000 प्रति एकड़ का मुआवजा दिया जाता था, जो देश में सबसे ज्यादा था। इतना ही नहीं, कांग्रेस सरकार के समय ट्यूबवेल, बोरवेल, पशुओं के नुकसान का भी मुआवजा दिया जाता था। आज 11 साल बाद भाजपा राज में हालात उलटे हैं और पंजाब में हरियाणा से दोगुना मुआवजा मिल रहा है। पंजाब न्यूनतम ₹20,000 दे रहा और हरियाणा की भाजपा सरकार सिर्फ ₹7,000 से शुरुआत कर रही है।
सांसद दीपन्द्र हुड्डा ने नेता विपक्ष चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा एवं प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंदर को नयी जिम्मेदारी देने के फैसले का स्वागत किया और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेसजन मिलकर प्रदेश के हर वर्ग की आवाज उठायेंगे और कांग्रेस पार्टी सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभायेगी। उन्होंने निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष चौ. उदयभान का विशेष रूप से धन्यवाद किया और कहा कि उनका कार्यकाल कांग्रेस के इतिहास में हमेशा याद किया जायेगा। उनके नेतृत्व में कांग्रेस का कुनबा भी बढ़ा और वोट प्रतिशत भी बढ़ा। कांग्रेस के इतिहास में 2022 से 2024 तक 60 से ज्यादा पूर्व विधायक पूर्व मंत्री, मौजूदा सांसद, मौजूदा विधायक कांग्रेस में शामिल हुए। हरियाणा बनने के बाद से आज तक कांग्रेस को सबसे ज्यादा मत प्रतिशत 2024 के चुनाव में मिला है। लोकसभा में 1984 के बाद सर्वाधिक मत 2024 में मिला। कांग्रेस को 31 प्रदेशों में सबसे ज्यादा मत 2024 के चुनाव में मिला। 2019 के चुनाव के मुकाबले 2024 में लोकसभा में 20 प्रतिशत और विधानसभा में 12.5 प्रतिशत मत प्रतिशत बढ़ा। सरल, मृदुभाषी, सादगी-संघर्ष के प्रतीक और गांधीवादी-अंबेडकरवादी विचारो के ध्वजवाहक चौधरी उदयभान को उनके बेहद सफल कार्यकाल के लिए विशेष रूप से धन्यवाद किया और कहा कि हरियाणा की राजनीति के एक मजबूत स्तंभ के रूप में उनका बड़ा योगदान कांग्रेस के लिए आगे भी रहेगा। जिस तरह उन्होंने पार्टी का सदा साथ निभाया है, हमे विश्वास है पार्टी भी सदा उनके साथ खड़ी रहेगी।
उन्होंने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंदर को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जन-सेवक की छवि वाले राव नरेंदर जी का लंबा राजनीतिक सफर रहा है। उन्हें तीन-तीन बार प्रदेश में विधायक के रूप में लोगों की सेवा करने का अवसर मिला। हमें विश्वास है कि जिस प्रकार निवर्तमान अध्यक्ष चौ. उदयभान जी ने काँग्रेस पार्टी को आगे लाने का काम किया है, राव नरेंदर जी भी इस नयी जिम्मेदारी को निभाते हुए कांग्रेस पार्टी को और भी आगे लेकर जाने का काम करेंगे। मेरे लिए व्यक्तिगत खुशी और गर्व का विषय है कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंदर जी को AICC द्वारा 2024 के लोक सभा चुनाव में रोहतक लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया और उनकी देख-रेख में पूरे देश में विपक्ष की दूसरी सबसे बड़ी जीत रोहतक लोकसभा क्षेत्र में हुई।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से विधायक बीबी बतरा, जिलाध्यक्ष बलवान रंगा, जिलाध्यक्ष कुलदीप केडी, गुलशन ईशपुनियानी, प्रो. वीरेंद्र समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
----------------