बेकसूर दुकानदारों पर बुलडोजर चलाना उनके अधिकारों का हनन : दीपेन्द्र हुड्डा

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने किला रोड मार्केट की दुकानों में तोड़फोड़ के बाद किया दौरा, रुँधे गले से व्यापारियों के बताई अपनी पीड़ा

 21
बेकसूर दुकानदारों पर बुलडोजर चलाना उनके अधिकारों का हनन : दीपेन्द्र हुड्डा

बेकसूर दुकानदारों पर बुलडोजर चलाना उनके अधिकारों का हनन : दीपेन्द्र हुड्डा

- सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने किला रोड मार्केट की दुकानों में तोड़फोड़ के बाद किया दौरा, रुँधे गले से व्यापारियों के बताई अपनी पीड़ा

- बीजेपी सरकार ने आज तक न तो भगत सिंह पार्किंग शुरू होने दी न पार्किंग के लिए जगह छोड़ने वाले दुकानदारों को दुकाने दी

- दीपेन्द्र हुड्डा ने भारतीय वायुसेना के जाँबाज स्क्वाड्रन लीडर शहीद लोकेंद्र सिंह सिंधू के रोहतक निवास पर पहुँचकर दी श्रद्धांजलि, परिवारजनों से मिलकर ढांढस बंधाया

टीएचटी न्यूज, रोहतक :

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा नेरोहतक के किला रोड मार्केट की दुकानों में हुई तोड़फोड़ के बाद पूरे मार्केट का दौरा किया और व्यापारियों के पीड़ा सुनी। व्यापारियों ने रुंधे गले से सांसद दीपेन्द्र हुड्डा को बताया कि इस तोड़फोड़ से उन्हें लाखों का नुकसान हुआ है। सांसद ने बेकसूर दुकानदारों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि किला रोड मार्केट की दुर्दशा के लिए पूरी तरह बीजेपी सरकार जिम्मेदार है।

दीपेन्द्र हुड्डा ने पूरी कार्रवाई की घोर निंदा की और कहा कि दुकानदारों का दर्द उनके आँसू बयां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार अब व्यापारियों की रोजी-रोटी पर प्रहार कर रही है और बेकसूर व्यापारियों पर बुलडोजर चला रही है। इस तरह दुकानों पर बुलडोजर चालान व्यापारियों के अधिकारों का हनन है। दुकान में 3-4 फुट का छज्जा कानूनी रूप से अनुमत है। लेकिन सरकार ने दुकानदारों के साथ वायदाखिलाफी कर सारे नियम-कानून दरकिनार किये और दुकानों के शटर तक को नुकसान पहुंचाया। जेसीबी भेजकर 150 से भी ज्यादा दुकानों को क्षति पहुंचाई गई। इस दौरान मौजूद विधायक भारत भूषण बतरा ने कहा कि अगर मार्केट में कोई काम कराना है तो स्थानीय दुकानदारों से बातचीत करके सहमति बनाकर काम हो।

स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि मार्केट में पहले किनारे लगे बिजली खंभे बीच में लगाए गए, फिर अब दोबारा किनारे लगवाने की बात कही जा रही है। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की हुड्डा सरकार के समय पूरे शहर की बिजली लाइनों को अन्डरग्राउन्ड करने का प्रोजेक्ट चल रहा था, जिसे 2014 में बीजेपी सरकार ने आते ही बंद कर दिया। दीपेन्द्र हुड्डा ने मांग करी कि किला रोड की बिजली की पूरी लाइन अन्डरग्राउन्ड होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तोड़फोड़ के बाद नगर निगम के अधिकारी व स्थानीय बीजेपी नेता पूरी तरह गैर-जिम्मेदार रवैया अपनाए हुए हैं। गहरे सीवरेज खुले पड़े हैं। जैन स्कूल के आगे टूटे हुए शीशे बिखरे हुए हैं।

दीपेन्द्र हुड्डा ने किला रोड स्थित भगत सिंह पार्किंग का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि हमने यह पार्किंग बनवाई थी, जिसे बीजेपी सरकार ने आज तक शुरू नहीं होने दिया। जिन दुकानदारों ने पार्किंग के लिए जगह छोड़ी थी उन्हें भी दुकाने नहीं दी गई। ये पूरी तरह अमानवीय और सरकार के अहंकार का प्रतीक है। पार्किंग में भीषण गंदगी देखकर दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि किला रोड मार्केट ही नहीं पूरे शहर में गंदगी और कूड़े का अंबार लगा हुआ है। चारों तरफ गंदगी का आलम है। सड़क, गालियां, कॉलोनियाँ, प्रमुख बाजारों किसी जगह बरसाती पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था नहीं है। टूटी व जर्जर सड़कों पर नाले का बदबूदार पानी जमा हुआ है। रोहतक में सफाई व्यवस्था पिछले काफी समय से चरमराई हुई है। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन बंद है। वर्ष 2023 से सफाई का टेंडर नहीं हुआ है। कूड़ा उठाने वाले वाहन बिना चालकों के खड़े-खड़े कंडम हो चुके हैं। इन सब अव्यवस्थाओं से ध्यान भटकाने के लिए ही सरकार दुकानों में तोड़फोड़ करवा रही है।

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा राजस्थान के चुरू में बीते दिनों हुए दुर्भाग्यपूर्ण लड़ाकू विमान हादसे में शहीद हुए भारतीय वायुसेना के जाँबाज स्क्वाड्रन लीडर लोकेंद्र सिंह सिंधू के रोहतक स्थित निवास पर पहुँचे और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दीपेन्द्र हुड्डा ने शोकाकुल परिवारजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। दुख की इस घड़ी में हम सब शहीद के परिवार के साथ एकजुट हैं। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि शहीद स्क्वॉड्रन लीडर लोकेंद्र सिंधु जांबाज अधिकारी थे, उन्होंने अपनी जान की परवाह किये बिना लोगों की जान बचाने को प्राथमिकता दी और अपने प्राणों को न्यौछावर कर सर्वोच्च बलिदान दे दिया। सम्पूर्ण राष्ट्र उनके अद्वितीय पराक्रम, साहस एवं त्याग का सदैव ऋणी रहेगा।

---------------