एमडीयू रोहतक और रूहील फ्यूचर टेक्नोलॉजीज के बीच एमओयू हुआ
स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा
एमडीयू रोहतक और रूहील फ्यूचर टेक्नोलॉजीज के बीच एमओयू हुआ
- स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा
टीएचटी न्यूज, रोहतक :
छात्र नवाचार और उद्यमिता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक ने रूहील फ्यूचर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ एमओयू किया गया। यह एमओयू विद्यार्थियों और युवा उद्यमियों के बीच नवाचार, इनक्यूबेशन और स्टार्टअप संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया है। यह एमओयू एमडीयू के कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत और रूहील फ्यूचर टेक्नोलॉजीज की ओर से बाला देवी द्वारा औपचारिक रूप से हस्ताक्षरित किया गया।
इस सहयोग के अंतर्गत एमडीयू अपने नवाचार एवं इनक्यूबेशन केंद्र के माध्यम से आवश्यक अधोसंरचना और नीति समर्थन प्रदान करेगा, जबकि रूहील फ्यूचर टेक्नोलॉजीज औद्योगिक मेंटरशिप, प्रशिक्षण, और स्टार्टअप्स के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान करेगा। सहयोग में बिज़नेस मॉडलिंग, वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल ब्रांडिंग, निवेशक संपर्क और उत्पाद प्रोटोटाइप विकास जैसी सेवाएं शामिल होंगी।
कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने इस पहल को भारत की स्टार्टअप दृष्टि के अनुरूप एक परिवर्तनकारी कदम बताया और कहा कि एमडीयू छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण और नवाचार पर आधारित कौशल देने के लिए प्रतिबद्ध है।
समझौते के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक संयुक्त समन्वय समिति और कार्यकारी समिति का गठन किया गया है। आगामी योजनाओं में उद्यमिता बूट कैंप्स, विचार प्रयोगशालाएं, स्टार्टअप इनक्यूबेशन और आवासीय नवाचार परियोजनाएं शामिल हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों—प्रो. ए. एस. मान (डीन अकादमिक कार्य), प्रो. गुलशन लाल तनेजा (नियंत्रक परीक्षाएं), प्रो. राहुल ऋषि (निदेशक, नवाचार, इनक्यूबेशन एवं उद्यमिता केंद्र), प्रो. अजय राजन (कुलपति सलाहकार), प्रो. संदीप मलिक (उप-निदेशक, सीआईआईई), प्रो. प्रभाकर कौशिक (नोडल अधिकारी, इनक्यूबेशन सेंटर), प्रो. आशीष दहिया (निदेशक, जन संपर्क), प्रो. सुमित गिल, प्रो. दीपक कौशिक, डॉ. नवीन कुमार और अन्य विश्वविद्यालय कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
यह एमओयू उत्तर भारत में अकादमिक-औद्योगिक सहयोग को एक नई ऊंचाई देता है और हरियाणा को राष्ट्रीय नवाचार परिदृश्य में एक प्रमुख स्थान प्रदान करता है।
----------------